अब नौवीं-ग्यारहवीं में होगी रजिस्ट्रेशन, शिक्षा बोर्ड का बड़ा फैसला, 200 रुपए शुल्क तय, इस डेट से आवेदन
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड का बड़ा फैसला, 200 रुपए शुल्क तय, 15 अक्तूबर तक कर सकेंगे आवेदन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विद्यार्थियों की सुविधा और परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पंजीकरण नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पढऩे वाले छात्रों का पंजीकरण 10वीं और 12वीं के बजाय 9वीं और 11वीं कक्षा में ही कर लिया जाएगा। यह महत्त्वपूर्ण निर्णय भविष्य में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान छात्रों को होने वाली तकनीकी और प्रशासनिक परेशानियों से बचाने के लिए लिया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष डा. राजेश शर्मा ने सोमवार को बताया कि परीक्षा विनियम, 1994 के अध्याय-18 के नियम 18.1 में संशोधन किया गया है। नए प्रावधानों के तहत, 9वीं कक्षा में किया गया पंजीकरण छात्र के 10वीं (मैट्रिक) परीक्षा उत्तीर्ण करने तक वैध रहेगा।
इसी प्रकार, 11वीं कक्षा का पंजीकरण 12वीं (वरिष्ठ माध्यमिक) की परीक्षा पास करने तक मान्य होगा। यदि कोई छात्र किसी अन्य बोर्ड या विश्वविद्यालय से माइग्रेट होकर सीधे 10वीं अथवा 12वीं कक्षा में प्रवेश लेता है, तो उसे बोर्ड में एक नए अभ्यर्थी के रूप में अपना पंजीकरण करवाना होगा। बोर्ड द्वारा प्रति विद्यार्थी पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। स्कूलों को बिना किसी विलंब शुल्क के 15 अक्तूबर तक पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यदि कोई इस अवधि में चूक जाता है, तो वह 500 रुपए के विलंब शुल्क के साथ 15 नवंबर तक आवेदन कर सकेगा। तय अंतिम तिथि के बाद बिना बोर्ड अध्यक्ष की पूर्व अनुमति के कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रधानाचार्यों को निर्देश
डा. राजेश शर्मा ने सभी संबद्ध शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों से आग्रह किया है कि वे संशोधित नियमों के अनुसार तय समय सीमा के भीतर ही विद्यार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। बोर्ड द्वारा जल्द ही पंजीकरण का विस्तृत कार्यक्रम आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
स्टेट टीचर्स अवार्ड को इंटरव्यू जल्द
शिमला। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान ही स्टेट टीचर अवार्ड के लिए इंटरव्यू शुरू होने वाले हैं। शिक्षा निदेशालय की कमेटी ने स्पेशल कैटिगरी के 6 अवार्ड के लिए 52 आवेदकों की स्क्रीनिंग कर ली है। अगले चरण में 25 अवार्ड के लिए 98 आवेदकों की स्क्रीनिंग होगी। इनकी प्रेजेंटेशन शिक्षा सचिव राकेश कंवर के सामने होगी और यह प्रक्रिया लगातार दो दिन चल सकती है। शिक्षा निदेशालय इसका शेड्यूल बना रहा है। दूसरी ओर, स्कूल शिक्षा निदेशालय ने प्रिंसीपल स्कूल कैडर की प्रोमोशन की तैयारी शुरू कर दी है। यह डिटेल स्कूल लेक्चरर कैडर से मांगी गई है। सभी जिलों को 20 दिन का समय दिया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
