पहाड़ों से उठा धुएं का गुबार, फिर महाप्रलय से पुल-शहर तबाह, नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने मचाया कहर

By: Aug 27th, 2026 12:06 am

नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने मचाया कहर, वीडियो में दिखा तबाही का भयावह मंजर

नेपाल में तिब्बत की ओर से आई अचानक और बेहद तेज बाढ़ ने रसुवा और आसपास के इलाकों में भारी तबाही मचा दी है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर से सामने आए वीडियो इस आपदा की भयावह तस्वीर दिखा रहे हैं। कहीं शांत नदी कुछ ही पलों में रौद्र रूप लेती नजर आ रही है, तो कहीं पुल, सडक़ें, वाहन और इमारतें तेज बहाव में तिनके की तरह बहती दिखाई दे रही हैं। हाल ही में दोबारा बनाया गया अंतरराष्ट्रीय जोडऩे वाला पक्का पुल भी बह गया है। इसके अलावा, इलाका प्रहरी कार्यालय टिमुरे, प्रहरी चौकी स्याफ्रुबेसी और प्रहरी चौकी रसुवागढ़ी समेत तीन पुलिस कार्यालय जलमग्न और क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स को भी भारी नुकसान हुआ है।

शांत नदी ने अचानक धरा रौद्र रूप

पहले वीडियो में नदी का बहाव शुरुआत में बेहद सामान्य और शांत नजर आता है। पहाड़ों के बीच बह रही नदी को देखकर अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता कि कुछ ही देर में यहां कितना खतरनाक सैलाब आने वाला है। अचानक नदी का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ता दिखाई देता है। देखते ही देखते पानी का वेग इतना बढ़ जाता है कि उसके रास्ते में आने वाली चीजें टिक नहीं पातीं। पुल, सडक़, घर और खड़े वाहन पानी के तेज बहाव में बहते नजर आते हैं। वीडियो में बाढ़ की रफ्तार देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोगों को संभलने या सुरक्षित स्थान तक पहुंचने का कितना कम समय मिला होगा। दूसरे वीडियो में पहाड़ों के बीच का इलाका दिखाई देता है। शुरुआत में सब कुछ शांत नजर आता है, लेकिन अचानक पहाड़ों के बीच से धुएं जैसी सफेद परत निकलती दिखाई देती है। कुछ ही पलों में यह धुंधनुमा दृश्य तेज पानी के बहाव में बदल जाता है। पानी तेजी से नीचे की ओर आता है और अपने रास्ते में मौजूद क्षेत्र को अपनी चपेट में लेता दिखाई देता है। वीडियो बाढ़ की अचानक शुरुआत और उसकी रफ्तार को बेहद करीब से दिखाता है।

ताश के पत्तों की तरह बही इमारतें

एक वीडियो में बाढ़ के बाद की तबाही दिखाई देती है। तेज पानी के बीच घर और दूसरी इमारतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आती हैं। कुछ संरचनाएं ऐसे बहती दिखाई देती हैं, जैसे वे ताश के पत्तों से बनी हों। आवाज से ऐसा प्रतीत होता है कि आसपास मौजूद लोग घबराए हुए हैं। पानी के तेज बहाव के कारण पूरा इलाका मलबे में तबदील होता नजर आता है। ये दृश्य बताते हैं कि अचानक आई बाढ़ ने सिर्फ नदी किनारे के इलाकों को ही नहीं, बल्कि बाजार और रिहायशी क्षेत्रों को भी प्रभावित किया है।

याद आया धराली का सैलाब

तीसरे वीडियो का दृश्य भी बेहद डरावना है। पहाड़ों के बीच शांत बह रही नदी के आसपास अचानक धुएं जैसा गुबार दिखाई देता है। इसके बाद कुछ ही सेकंड में पानी का बहाव विकराल हो जाता है। पहाड़ी से शूट किए गए इस वीडियो में दूर से बाढ़ का पूरा फैलाव दिखाई देता है। यह दृश्य उत्तराखंड के धराली में आए सैलाब की तस्वीरों की याद दिलाता है। नेपाल के इस वीडियो में भी पानी की रफ्तार और उसका फैलाव देखकर आपदा की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

नेपाल बॉर्डर पर देखते ही देखते बहा फ्रेंडशिप ब्रिज

नेपाल-चीन बॉर्डर पर आए भयंकर बाढ़ से भारी तबाही हुई है। इस तबाही में केरुंग बॉर्डर पर स्थित विशाल कस्टम ऑफिस पानी की प्रचंड लहर में बह गया है। ये वे रास्ता है जहां से नेपाल में चाइनीज कंटेनर आते हैं और इसी रास्ते से मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले यात्री जाते हैं। चीन की सरकार ने इस घटना का वीडियो जारी किया है जो किसी प्रलय सरीखा ही अनुभव देता है।

42 किलोमीटर सडक़ बही

बाढ़ का असर रसुवा से नुवाकोट, धादिंग होते हुए चितवन तक देखा गया। रसुवा में टिमुरे, स्याफ्रुबेसी, हाकुबेसी, मेलुंग, सल्लेटार, शांतिबाजार, पैरेबेसी, खाल्टी बस्ती और बेत्रावती समेत करीब एक दर्जन बस्तियां प्रभावित हुईं। बेत्रावती से रसुवागढ़ी-तिब्बत सीमा तक करीब 42 किमी सडक़ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई। इसके अलावा स्याफ्रुबेसी से सीमा तक 16 किमी सडक़ को भी नुकसान पहुंचा।

बच्ची समेत 12 ब्रिटिश नागरिक लापता

नेपाल के रासुवा जिला में आई भीषण बाढ़ के बाद 13 साल की बच्ची समेत 12 ब्रिटिश नागरिक लापता बताए जा रहे हैं। लापता ब्रिटिश नागरिकों की उम्र 13 से 65 साल के बीच है। वे नेपाल-तिब्बत सीमा के पास एक टूर ग्रुप के साथ यात्रा कर रहे थे। ट्रैवल कंपनी के मुताबिक, इस गु्रप में 12 ब्रिटिश, 4 दक्षिण अफ्रीकी और 4 नेपाली नागरिक शामिल थे। विदेशी पर्यटकों में भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड्स, अमरीका, मलेशिया, ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका के नागरिक भी शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App