77वें वन महोत्सव पर सुनील बिट्टू ने रोपे पौधे

By: Aug 27th, 2026 12:02 am

ऊखली में गूंजा हरियाली का संदेश, वन महोत्सव पर हुआ पौधारोपण

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
वन विभाग ने बुधवार को गांव ऊखली में 77वां वन महोत्सव मनाया। इसमें मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने मुख्यातिथि के रूप में भाग लेकर पौधारोपण किया। इस अवसर पर विभाग के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, पंचायत जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में उपस्थित अन्य स्थानीय लोगों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य की वन संपदा हमारी अमूल्य धरोहर ही नहीं, बल्कि यह प्रदेश की जलवायु का संरक्षण भी करती है और प्राकृतिक सुंदरता को निखारती है।

सुनील शर्मा बिट्टू ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के वनों के संरक्षण के साथ-साथ पौधारोपण के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं। इसके लिए राजीव गांधी वन संवर्द्धन योजना आरंभ की गई है। प्रदेश सरकार इस योजना के तहत ग्राम पंचायतों, महिला मंडलों और युवक मंडलों को पौधरोपण एवं इन पौधों की देखभाल के लिए वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पौने चार वर्ष के अपने कार्यकाल के दौरान कई सराहनीय योजनाएं आरंभ की हैं और जिला हमीरपुर के लिए मेडिकल कालेज, बस स्टैंड, हैलीपोर्ट, डेडिकेटड साइंस कालेज और कई अन्य बड़ी परियोजनाएं मंजूर की हैं। इससे जिला में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। इस अवसर पर वन अरण्यपाल निशांत मंढोत्रा ने मुख्यातिथि, अन्य अतिथियों और स्थानीय लोगों का स्वागत किया तथा विभाग के पौधारोपण कार्यक्रमों की जानकारी दी। स्थानीय पंचायत प्रधान सुमन कुमारी, उपप्रधान दौलत राम, पंचायत सदस्य लेखराम और अन्य पंचायत जनप्रतिनिधियों ने भी सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया।

दिग्गजों का जमावड़ा

कार्यक्रम के दौरान एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, वन उप अरण्यपाल अंकित कुमार सिंह, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, कांग्रेस के पदाधिकारी, वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App