सीबीएसई स्कूलों को जल्द मिलेंगे शिक्षक, सीएम ने कहा, कम्प्यूटर लैब के लिए 80 करोड़ देगी सरकार

By: Aug 27th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

हिमाचल के 147 सीबीएसई स्कूलों को 30 सितंबर से पहले सभी टीचर मिल जाएंगे। इसके बाद 100 और स्कूलों को सीबीएसई में डाला जाएगा। मुख्यमंत्री ने सदन में घोषणा की कि इन सीबीएसई स्कूलों में कम्प्यूटर लैब स्थापित करने के लिए राज्य सरकार 80 करोड़ मंजूर कर रही है। विधानसभा प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सीबीएसई बनाने से शिक्षा बोर्ड को नुकसान होने जैसी बात नहीं है, क्योंकि क्वालिटी एजुकेशन के लिए नुकसान नहीं देखा जाता। भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने उनके चुनाव क्षेत्र से सिर्फ एक स्कूल को लेने की शिकायत की।

भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि स्कूलों का चयन का पैमाना क्या है? क्योंकि उनके तीन एजुकेशन ब्लॉक में से सिर्फ एक ब्लॉक से ही दो स्कूल लिए गए। शिक्षा मंत्री ने जवाब दिया कि इन स्कूलों का चयन स्कूलों में उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर के हिसाब से हुआ है, जो सीबीएसई मापदंडों के अनुरूप थे। इसी वजह से कुछ स्कूल रिजेक्ट भी हुए।

10 महीने की सैलरी वाले टीचर्स पर विचार करेंगे

भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने शिक्षकों की पगार को लेकर सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि स्कीम बेस्ड इन टीचर्स को 10 महीने की सैलरी मिलेगी। रेगुलर करने का अधिकार भी इनको नहीं दिया गया है। जवाब में सीएम ने कहा कि 10 महीने की सैलरी और सेवाओं के नियमितीकरण पर लेकर सरकार विचार करेगी। क्वालिटी एजुकेशन के लिए इन स्कूलों को जियोग्राफी से लेकर म्यूजिक तक सभी शिक्षक दिए जा रहे हैं। यह फैसला लेने से सरकारी स्कूलों में 24,000 की एनरोलमेंट बढ़ी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App