हिमकेयर, सहारा योजना नहीं होगी बंद, विधानसभा में सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने दी जानकारी
कार्यालय संवाददाता — शिमला
हिमाचल में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उदेश्य से शुरू की गई हिमकेयर,आयुष्मान और सहारा योजना बंद नहीं की जाएगी। इन योजनाओं में जो कमियां हैं, उन्हें दूर कर आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग में हजारों पद भरने की प्रक्रिया भी जारी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने विधानसभा में नियम-130 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा का जवाब देते कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। सरकार अस्पतालों के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बढ़ाने पर भी काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास केवल भवन और मशीनें उपलब्ध करवाना नहीं, बल्कि इनके संचालन के लिए पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध करवाना भी है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विभाग में कुल 6,365 स्वीकृत पदों में से 4661 पद भरे जा चुके हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में स्टाफ नर्स के 1938 पदों में से 1266 भरे गए हैं, जबकि 200 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। 117 असिस्टेंट स्टाफ नर्सों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। मंत्री ने कहा कि नेरचौक, हमीरपुर और टांडा में कैथ लैब स्थापित की जा रही हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
