मांगें पूरी नहीं हुईं तो भुगतने पडं़ेगे चुनावी नतीजे

By: Aug 27th, 2026 12:01 am

रामपुर में पेंशनरों का सरकार को अल्टीमेटम, 2022 से लंबित वित्तीय लाभ जारी न होने पर जताया रोष

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – रामपुर बुशहर
पेंशनर कल्याण संघ खंड रामपुर की बैठक बुधवार को संघ अध्यक्ष सुदामा राम मेहता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित वित्तीय देनदारियों और अन्य मांगों का समाधान न होने पर पेंशनरों ने प्रदेश सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। पेंशनरों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी जायज मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार को पेंशनरों के असंतोष का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और सरकार को लंबित वित्तीय लाभ जारी करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। संघ अध्यक्ष सुदामा राम मेहता ने कहा कि सरकार के पास चहेतों की नियुक्तियों तथा बोर्ड-निगमों में लोगों को पद देने पर लाखों खर्च करने के लिए धन है, लेकिन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जायज वित्तीय लाभ देने के समय आर्थिक संकट का हवाला दिया जाता है। वर्ष 2022 से पेंशनरों को लगातार आश्वासन ही मिल रहे हैं। बैठक में महासचिव कृष्ण कुमार शर्मा, बीआर भंडारी, दीवान चौहान, मोहन लाल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।

15 अगस्त को थी सरकार से उम्मीदें

पेंशनरों ने कहा कि 15 अगस्त को सरकार से उन्हें काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप कोई राहत नहीं मिली। बैठक में इस बात पर भी दुख जताया गया कि कई सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने जीवनभर की सेवा के बाद मिलने वाले वित्तीय लाभ प्राप्त किए बिना ही दुनिया से विदा हो चुके हैं। पेंशनरों ने सरकार से लंबित देनदारियों का जल्द भुगतान करने और मांगों पर भी निर्णय लेने की मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App