32 रंग, 32 स्वाद… किन्नौर के सेब की दुनिया दीवानी

By: Aug 27th, 2026 12:02 am

जिला में 10 साल में 6.61 लाख मीट्रिक टन सेब का उत्पादन, बागबानों ने मंडियों में बेचकर कमाए करोड़ों रुपए

रतन लाल नेगी-रिकांगपिओ
किन्नौर के बागबानों की मेहनत और यहां की अनुकूल जलवायु के चलते किन्नौरी सेब देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुका है। किन्नौर में रॉयल डिलीशियस समेत करीब 32 किस्मों के सेब का उत्पादन किया जा रहा है। किन्नौरी सेब अपने प्राकृतिक स्वाद, अधिक मिठास, रसदारपन और क्रंच के लिए प्रसिद्ध है। बागबानों के अनुसार उचित परिस्थितियों में ये सेब बिना कोल्ड स्टोरेज के भी घर पर तीन से चार महीने तक ताजा और रसयुक्त रह सकते हैं। उद्यान विभाग किन्नौर के उपनिदेशक शमशेर सिंह देहरू से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2016-17 से 2025-26 तक पिछले दस वर्षों में किन्नौर में कुल 6,61,047 मीट्रिक टन सेब का उत्पादन हुआ। इस दौरान उत्पादित सेब को विभिन्न देशी और विदेशी बाजारों में बेचकर किन्नौर के बागबानों ने करोड़ों रुपये की आय अर्जित की।

दस साल में कब, कितना सेब

वर्ष 2016-17 में 60,210 मीट्रिक टन सेब का उत्पादन हुआ, जो 24,08,400 बॉक्स के बराबर था। वर्ष 2017-18 में 52,189 मीट्रिक टन यानी 20,87,560 बॉक्स, 2018-19 में 61,673 मीट्रिक टन यानी 24,66,920 बॉक्स, 2019-20 में 56,864 मीट्रिक टन यानी 22,74,560 बॉक्स और 2020-21 में 73,330 मीट्रिक टन यानी 29,33,200 बॉक्स सेब का उत्पादन हुआ। वर्ष 2021-22 में 48,678 मीट्रिक टन यानी 19,47,120 बॉक्स, 2022-23 में 83,324 मीट्रिक टन यानी 33,32,960 बॉक्स, 2023-24 में 58,299 मीट्रिक टन यानी 23,31,960 बॉक्स, 2024-25 में 96,637 मीट्रिक टन यानी 48,31,850 यूनिवर्सल कार्टन और 2025-26 में 69,843 मीट्रिक टन यानी 34,92,150 यूनिवर्सल कार्टन सेब का उत्पादन हुआ।

अब 20 किलो के यूनिवर्सल कार्टन के आधार पर नया आंकड़ा

वर्ष 2023-24 तक सेब उत्पादन का आंकड़ा 25 किलोग्राम के बॉक्स के आधार पर दर्ज किया जाता था। सरकारी आदेशों के अनुसार वर्ष 2024-25 से सेब उत्पादन का आंकड़ा 20 किलोग्राम के यूनिवर्सल कार्टन के आधार पर दर्ज किया जा रहा है। इसी कारण 2024-25 और 2025-26 के बॉक्स आंकड़ों में पुराने वर्षों की तुलना में अंतर दिखाई देता है।

32 किस्मों के सेब की बागबानी

किन्नौर में बागबान रॉयल डिलीशियस, रेड डिलीशियस, गोल्डन डिलीशियस, रिच-ए-रेड, टॉप रेड, रेड गोल्ड, अर्ली फूजी, रेड फूजी, एडम्स, डार्क बैरन गाला, अर्ली रेड वन, फेन प्लस गाला, गाला श्निको, गाला श्निको रेड, गाला वैल, गेल गाला, ग्रैनी स्मिथ, ग्रैनी स्मिथ चैलेंजर, जेरोमाइन, किंग रोट, मेमा मास्टर, ओरेगन स्पर, रेड कैप वाल्टोड, रेड लम गाला, रेड वेलॉक्स, स्कारलेट स्पर, श्लेक्ट स्पर, सुपर चीफ, रेड चीफ, टी-रेक्स गाला सहित अन्य किस्मों की बागबानी कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App