बीज बॉल अभियान से पर्यावरण संरक्षण का संदेश

By: Aug 27th, 2026 12:01 am

हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में तीन दिवसीय अभियान, 315 छात्रों समेत 333 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कालाअंब की ओर से पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन और जन-जागरूकता के उद्देश्य से तीन दिवसीय बीज बॉल अभियान आयोजित किया गया। अभियान में संस्थान के 315 विद्यार्थियों, 14 संकाय सदस्यों और चार गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के साथ परिसर को हरित एवं सतत बनाना रहा। अभियान के दौरान नीम, आंवला, शिकाकाई, रीठा, इमली और बहेड़ा सहित विभिन्न पौधों के बीज एकत्र किए गए। नीम और बहेड़ा के कुछ बीज संस्थान के हर्बल गार्डन से, जबकि अन्य बीज विद्यार्थियों के घरों से प्राप्त किए गए। विद्यार्थियों ने मिट्टी, खाद या गोबर, पानी और बीजों की मदद से 205 बीज बॉल तैयार कीं। इन्हें सुखाने के बाद परिसर और आसपास के उपयुक्त स्थानों पर वितरित किया गया।

अभियान के तहत जागरूकता रैली, पोस्टर प्रदर्शन, आईएसआर फ्लेक्स के माध्यम से जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण शपथ, व्याख्यान, पौधरोपण और सोशल मीडिया अभियान जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इससे विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी मिली। संस्थान के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. राम बाबू शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और सतत विकास के महत्व से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। अभियान ने विद्यार्थियों में जैव-विविधता, सामूहिक सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत किया। संस्थान ने भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App