नेपाल बाढ़ के बाद का मंजर : किसी की पत्नी-बच्चे बहे, कोई तस्वीर लेकर अपनों को ढूंढ रहा
नेपाल में बुधवार को आए भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचाई है। यह नेपाल में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक है। रसुवा जिले के सीमावर्ती शहर तिमुरे में तबाही सबसे ज्यादा हुई है। 38 साल के गिरी लाल ने इस हादसे में अपना पूरा परिवार खो दिया। उनकी पत्नी, दो बेटे और दो बेटियां बाढ़ में बह गए। गिरी लाल स्थानीय कचरा प्रबंधन कार्यालय में ट्रक चलाते हैं। हादसे में वह खुद भी घायल हो गए।
उनका इलाज काठमांडू के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है। यह अस्पताल तिमुरे से करीब 160 किलोमीटर दूर है। कई परिवार अपने लापता लोगों की तलाश में अस्पतालों और राहत केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं। इन्ही में से एक लिपा सपकोटा अपने भाई साबी की तस्वीर लेकर लोगों से उनके बारे में पूछ रही हैं। साबी बुधवार सुबह से लापता हैं। लिपा ने बताया कि कुछ शव मिले हैं, लेकिन उनकी हालत इतनी खराब थी कि पहचान करना मुश्किल हो रहा था। बाढ़ से नेपाल के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान हुआ है।
बस… सही सलामत लौट आए पति
नेपाल में आई आपदा के बाद चारों तरफ चीख-पुकार और अपनों की तलाश का सिलसिला जारी है। इस बीच काठमांडू के अस्पताल के बाहर गुरुवार को लापता लोगों के परिजनों का तांता लगा रहा। सैकड़ों लोग अपनों की एक खबर पाने के लिए अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। लापता लोगों के नाम दर्ज कराने के लिए त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल के बाहर जुटी भीड़ में शामिल सुबीना तमांग का दर्द झलक पड़ा। अपने पति को ढूंढ रही सुबीना ने कहा कि मेरी बस इतनी ही ख्वाहिश है कि मेरे पति सही-सलामत और एक-एक पीस वापस मेरे पास आ जाएं। मुझे इसके अलावा और कुछ नहीं चाहिए।
सब कुछ आंखों के सामने तबाह हो गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाढ़ इतनी तेजी से आई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई लोगों को लगा कि भूकंप आ गया है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह सुबह करीब आठ बजकर 40 मिनट पर नाश्ता कर रहा था। तभी तिमुरे में बाढ़ आने की खबर मिली। लोगों ने कहा कि तिमुरे पूरी तरह खत्म हो गया है। कुछ भी नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि उसकी आंखों के सामने बाजार और पूरी बस्ती तबाह हो गई। पानी और कीचड़ का तेज बहाव कई फुट ऊंचा था। देखते ही देखते घर और दूसरी इमारतें इसकी चपेट में आ गईं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
