हमीरपुर तक पहुंचा नेपाल की बाढ़ का दर्द, परिवारों को सताने लगी अपनों की चिंता, संपर्क जोडऩे की कर रहे कोशिश

By: Aug 28th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर

नेपाल की बाढ़ से भीगी भोटेकाशी नदी हमीरपुर की आंखों तक पहुंच चुकी है। यहां के कुछ परिवार जिनके रिश्तेदार किसी न किसी कार्य से नेपाल में रहते हैं या फिर वहीं सैटल हो गए हैं उनका कुशलक्षेम पूछने की लालसा है अब आंसुओं में बदल रही है क्योंकि कुछ लोगों का अपनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है जबकि कुछ भाग्यशाली लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने अपनों से संपर्क करने में कामयाबी पाई है, लेकिन अब जिस तरह का हाल वो बयान कर रहे हैं उससे मानवीय संवेदना यहां भी महसूस की जा रही है। रंगस निवासी देशराज जो कि नेपाल में रहते हैं और दस साल से वहां कार्यरत हैं वो तीन साल से परिवार सहित वहीं सैटल हैं। संपर्क करने पर वे बताते हैं कि बहुत ही डरावना मंजर था।

त्रासदी के बाद जो राहत एवं बचाव कार्य चला है उसमें बाढ़ की चपेट में आए लोगों के अधूरे शव मिल रहे हैं। किसी की टांगें मिल रही हैं तो किसी की बाजू। उन्होंने बताया कि हमीरपुर के रंगस और जोलसप्पड़ से लोग नेपाल में कार्यरत हैं। इसके अलावा जिला ऊना और कांगड़ा से भी यहां काफी लोग डैमों में इंजीनियर और टेक्रिशियन के रूप में कार्यरत हैं। इसी तरह एक अन्य व्यक्ति अजय कुमार जो कि वहां प्राइवेट जॉब करते हैं उन्होंने बताया कि उनका घर से संपर्क हुआ है। हालांकि जहां वो रहते हैं वहां से त्रासदी वाली जगह काफी दूर है लेकिन इस घटना ने सबको झकझोर दिया है। वहीं प्रदीप कुमार जिनके ससुराल दार्जलिंग के पास हैं वे बताते हैं कि उन्होंने अपने ससुराल में संपर्क किया सभी लोग ठीक हैं, लेकिन जलप्रलय की इस घटना ने सबको डरा दिया है।

जिला प्रशासन ने एसडीएम, तहसीलदार से मांगी सूचना

एडीसी अभिषेक गर्ग ने जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर उनके क्षेत्रों से कोई स्थानीय निवासी नेपाल यात्रा पर गया है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को प्रेषित करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App