एक चिट्ठी-एक कत्ल और छिपा सच, ‘द लव लेटर’ में खुलेगा राज
शॉर्ट-फॉर्म डिजिटल प्रोजेक्ट ‘अनकही’ को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह और उनका प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स अब अपनी वीकली थ्रिलर सीरीज ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ के जरिए दर्शकों को हर हफ्ते एक नई कहानी से जोड़ रहे हैं। सनशाइन डिजिटल के क्रिएटिव हेड संजय उपाध्याय की अगुवाई में बनी यह एआई-पावर्ड सीरीज हर गुरुवार सनशाइन पिक्चर्स के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर रियल जैसी शॉर्ट क्राइम स्टोरी लेकर आती है। पिछले एपिसोड्स के सस्पेंस को आगे बढ़ाते हुए मेकर्स ने अब इसका तीसरा एपिसोड ‘फाइल 3: द लव लेटर’ रिलीज कर दिया है। पोस्ट के साथ मेकर्स ने लिखा, “एक चिट्ठी। एक कहानी। और सामने आने वाला एक सच। बड़ा जुर्म, छोटी कहानियां फाइल 3: द लव लेटर।”
नए एपिसोड की शुरुआत रिटायर्ड स्कूल टीचर महेश वर्मा की रहस्यमयी मौत से होती है, जिनका शव उनके स्टडी रूम में मिलता है। उनकी टेबल पर एक पुरानी रोमांटिक चिट्ठी पड़ी होती है, जो शालिनी नाम की महिला के नाम लिखी गई है। पहली नजर में जांच करने वाले मान लेते हैं कि मामला महेश के पुराने प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है। उनके बेटे अमित को भी यही लगता है। लेकिन कहानी तब अचानक नया मोड़ लेती है, जब फॉरेंसिक जांच में पता चलता है कि चिट्ठी दशकों पुरानी नहीं, बल्कि हत्या से कुछ दिन पहले ही लिखी गई थी। महेश की जिंदगी की गहराई से जांच शुरू होने के बाद पुलिस को चिट्ठी में छिपा एक चालाक कोड मिलता है। यह मामूली सी दिखने वाली चिट्ठी दरअसल महेश की मौत के बाद भी सच सामने लाने की आखिरी कोशिश होती है।
https://www.instagram.com/reel/Dcir1XSzqfy/?utm_source=ig_web_copy_link&igsi=MzRlODBiNWFlZA==
‘द लव लेटर’ सिर्फ चौंकाने वाले ट्विस्ट पर निर्भर नहीं रहती, बल्कि इसमें इमोशन और एक पहेली की तरह आगे बढ़ती जांच को भी अच्छी तरह जोड़ा गया है। यह एपिसोड दिखाता है कि जो चीज सामने नजर आती है, जरूरी नहीं कि सच्चाई भी वही हो। कहानी के अंत में परिवार और माता-पिता के रिश्ते को लेकर एक भावुक बात सामने आती है, “माता-पिता अपने बच्चों को समझना चाहते हैं, उनके साथ वक्त बिताना चाहते हैं और उनके साथ अपनी जिंदगी जीना चाहते हैं… लेकिन दुख की बात है कि कई बार उन्हें सच्चाई का एहसास बहुत देर से होता है।”
रियलिस्टिक कहानी और अचानक आने वाले ट्विस्ट के साथ सनशाइन पिक्चर्स शॉर्ट-फॉर्म क्राइम थ्रिलर के इस फॉर्मेट को लगातार दिलचस्प बना रहा है। ‘द लव लेटर’ भी दर्शकों के सामने कई सवाल और एक अनपेक्षित सच छोड़ जाता है, जिससे अब हर किसी को ‘बड़ा जुर्म छोटी कहानी’ की अगली फाइल का इंतजार है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
