NEET UG : MCC ने जारी किया राउंड-2 का शेड्यूल, अगले हफ्ते से करें आवेदन

By: Aug 28th, 2026 10:10 pm

तीन सितंबर से करें पंजीकरण
11 को आएगा सीट अलॉटमेंट रिजल्ट

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

मेडिकल काउंसिलिंग कमेटी (एमसीसी) ने नीट यूजी 2026 के सेकेंड राउंड का शेड्यूल जारी कर दिया है। शेड्यूल के मुताबिक, राउंड-2 काउंसिलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान तीन से आठ सितंबर, 2026 तक होगा। वहीं, च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की प्रक्रिया तीन सितंबर से शुरू होकर नौ सितंबर तक चलेगी। सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया नौ और 10 सितंबर को होगी, जबकि सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 11 सितंबर को जारी किया जाएगा। ऐसे में अब उन स्टूडेंट्स की तैयारी तेज हो गई है, जिन्हें पहले राउंड में सीट नहीं मिल पाई थी या बेहतर कालेज और कोर्स की उम्मीद में दूसरे राउंड में शामिल होना चाहते हैं। उम्मीदवार कालेज और कोर्स चुनने से पहले राउंड-2 की सीट मैट्रिक्स अच्छी तरह से देख लें।

इसके बाद अपनी पसंद के कालेज और कोर्स का सिलेक्शन अपनी प्रायोरिटी से करें। इसके अलावा समय सीमा के भीतर च्वाइस लॉक भी कर लें। अगर कोई उम्मीदवार च्वाइस लॉक नहीं करता है, तो च्वाइस लॉकिंग विंडो बंद होने के बाद उसकी च्वाइस अपने आप लॉक हो जाएगी। एक बार च्वाइस लॉकिंग की आखिरी तारीख खत्म हो जाने के बाद उम्मीदवार अपनी च्वाइस में बदलाव या उनका क्रम बदल नहीं सकेंगे। राउंड-2 में अंतिम सीट अलॉटमेंट उम्मीदवारों द्वारा भरी गई च्वाइस, उपलब्ध सीटों और काउंसलिंग के लिए लागू अन्य निर्धारित मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। सीट अलॉट होने के बाद उम्मीदवारों को तय समय के भीतर संबंधित संस्थान में रिपोर्ट करके एडमिशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

सबसे पहले एमसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। नीट यूजी काउंसिलिंग राउंड-2 के रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। मांगी गई जरूरी जानकारी दर्ज करें। आवेदन फॉर्म पूरा भरें और फीस का भुगतान करें। इसके बाद अपनी पसंद के कालेज और कोर्स का चयन करें। भरी गई च्वाइस को ध्यान से चैक करके सबमिट करें। निर्धारित समय सीमा के भीतर च्वाइस लॉक करें।

महत्वपूर्ण तारीखें

रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान— 3 से 8 सितंबर
च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग— 3 से 9 सितंबर
सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया— 9 से 10 सितंबर
सीट अलॉटमेंट रिजल्ट— 11 सितंबर
रिपोर्टिंग और ज्वाइनिंग— 12 से 18 सितंबर
ज्वाइन करने वाले उम्मीदवारों का वेरिफिकेशन— 19 सितंबर


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App