दीवार गिरने से घर को खतरा, परिवार पर आफत
सोलन में मकान खाली करने के निर्देश, आधी रात को तहसीलदार- एसडीओ और पार्षद ने लिया जायजा
निजी संवाददाता-सोलन
नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर सात में शनिवार देर रात एक दीवार गिरने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। दीवार गिरने के कारण साथ लगते मकान को भी खतरा पैदा हो गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, दीवार का मलबा रास्ते में गिरने से लोगों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार राजीव रांटा, एसडीओ अल्पना ठाकुर और वार्ड पार्षद पूजा तनवर आधी रात मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवार की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मकान को खतरा देखते हुए परिवार को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है।
दीवार गिरने के बाद रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जल्द से जल्द मलबा हटाकर रास्ता बहाल करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात अचानक दीवार गिरने की आवाज सुनाई दी। लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, मकान को खतरा पैदा होने के बाद प्रभावित परिवार की चिंता बढ़ गई है। वार्ड 7 की पार्षद पूजा तनवर ने कहा कि मकान को खाली करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
