शिवालिक स्कूल पंजैहरा में दमखम दिखा रहे 420 खिलाड़ी
अंडर-19 ब्वायज खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज, 30 स्कूलों छात्रों के बीच होंगे मुकाबले
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
शिवालिक स्कूल पंजैहरा में रविवार को नालागढ़ शिक्षा खंड की अंडर-19 ब्वायज खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने मार्चपास्ट की सलामी लेकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में शिक्षा खंड के 30 स्कूलों के करीब 420 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शिवालिक स्कूल के खेल मैदान में कबड्डी का पहला मुकाबला सनराइज पब्लिक स्कूल बरूणा और जोगों स्कूल के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में सनराइज पब्लिक स्कूल बरूणा ने जोगों को 16-14 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, खो-खो में शिवालिक स्कूल पंजैहरा और मंझौली स्कूल के बीच मुकाबला हुआ।
बारिश के कारण अन्य मुकाबले स्थगित करने पड़े, जिन्हें सोमवार को करवाया जाएगा। मुख्यातिथि विधायक हरदीप सिंह बावा ने खिलाडिय़ों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन मेहनत और बेहतर प्रदर्शन महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर शिवालिक स्कूल के एमडी वीर सिंह सैनी, जिला परिषद सदस्य योगेश्वर सिंह राणा, पंचायत प्रतिनिधि, प्रधानाचार्य मनोज शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों के शारीरिक शिक्षक व गणमान्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
