पूर्व विधायक राम रत्न शर्मा की पार्थिव देह को विधायक ने दिया कंधा

By: Aug 31st, 2026 12:52 am

निजी संवाददाता – बड़सर
बड़सर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ समाजसेवी राम रत्न शर्मा के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने गहरा दु:ख व्यक्त किया है। राम रत्न शर्मा की अंतिम यात्रा में शामिल होकर इंद्रदत्त लखनपाल ने उनकी अर्थी को कंधा दिया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि राम रत्न शर्मा का जीवन जनसेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र एवं संस्कृति के प्रति समर्पण से जुड़ा रहा। अंतिम यात्रा में उन्हें कंधा देते हुए उन्हें विदाई देना उनके लिए भावुक क्षण था। उन्होंने कहा कि राम रत्न शर्मा के निधन से बड़सर सहित पूरे क्षेत्र ने एक ऐसे वरिष्ठ सामाजिक एवं राजनीतिक व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसने लंबे समय तक समाज के लिए काम किया।

राम रत्न शर्मा के काम और विचार सदैव रहेंगे याद
इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि राम रत्न शर्मा का सार्वजनिक जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी रहेगा। विधायक के रूप में उनके कार्य, श्रीराम मंदिर आंदोलन में उनकी भूमिका तथा योग और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए गए प्रयास आने वाले समय में भी याद किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का जीवन उसके जाने के बाद उसके कार्यों और विचारों के माध्यम से जीवित रहता है और राम रत्न शर्मा का योगदान इसी रूप में सदैव स्मरणीय रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App