18 संगठनों के साथ शिमला कूच करेंगे पेंशनर
सरकार के रवैये से नाराज कॉरपोरेट पेंशनर, चौड़ा मैदान में होगा बड़ा शक्ति प्रदर्शन
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
कॉरपोरेट सेक्टर के सेवानिवृत कर्मचारियों ने सरकार के 29 अगस्त 1999 की पेंशन अधिसूचना बहाली के प्रति किए गए वायदे के प्रति नकारात्मक रवैया के कारण सख्त रोष प्रकट किया। रविवार को कॉरपोरेट सेक्टर जिला हमीरपुर की एक विशेष बैठक जिला प्रधान राज कुमार हमीरपुरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें वर्तमान सरकार के नकारात्मक रवैया के कारण गहरा रोष प्रकट किया गया है। बैठक में सभी ने एक मत से कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले जब वह स्टार प्रचारक भी थे और उनके अन्य सभी मुख्य स्टार प्रचारक सहयोगियों ने भी कहा था कि इस बार अगर आप सभी कॉरपोरेट सेक्टर के सेवानिवृत कर्मचारी हमारी सरकार बनाने में वोट देंगें, तो हम अन्य सरकारी कर्मचारियों के ओपीएस बहाली के साथ ही पहली कैबिनेट बैठक में ही कॉरपोरेट सेक्टर की 29 अक्तूबर 1999 को जारी पेंशन सुविधा को बहाल करवा देंगे। इस दिए गए पक्के आश्वाशन के कारण कॉरपोरेट सेक्टर ने भी कांग्रेस की सरकार बनाने में 100 फीसदी योगदान दिया है। क्योंकि जो एक फीसदी से भी कम वोटों से सरकार बनी है उसमें कॉरपोरेट सेक्टर का भी पूरा सहयोग रहा है।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि वह बार-बार मुख्यमंत्री से इस विसंगति को दूर करने के लिए अनुरोध कर रहे हैं कि कॉरपोरेट सेक्टर के प्रतिनिधियों को भी एक बार एचआरटीसी प्रतिनिधियों के तरह बैठक में बुलाकर उनकी समास्यों का समाधान निकाला जाए, ताकि आमने-सामने सरकार के प्रतिनिधियों और हमारे प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर ली जाए, तो ऐसा समाधान निकल सकता है कि जिससे सरकार पर भी एक रुपए का भी वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा और निगमों बोर्डों के अपने संसाधनों द्वारा ही पेंशन बहाली का समाधान हो जाएगा। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया की जो पहली सितंबर को संयुक्त संघर्ष समिति के 18 संगठनों के आह्वान पर शिमला के चौड़ा मैदान में जिसमें कॉरपोरेट सेक्टर भी सम्मिलित है, जो रैली निकाली जा रही है उसमें जिला हमीरपुर के साथ ही पूरे प्रदेश से सभी जिलों से कॉरपोरेट सेक्टर के लगभग 500 से भी ज्यादा सेवानिवृत कर्मचारी भाग लेंगें। क्योंकि संयुक्त संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर, इंद्रपाल शर्मा, भूप राम वर्मा, अतिरिक्त सचिव और अन्य संगठन के मुख्य प्रतिनिधि भी हमारी पेंशन के मुद्दे को प्राथमिकता से सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने का और समाधान करवाने को प्रयास रत हैं।
पेंशन बहाली की जंग में जुटे पेंशनर
इस महत्त्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त महासचिव जगदीश चंद सनौरिया, कैशियर दलीप सिंह, सुरजीत वर्मा, उधम सिंह, कृष्ण कुमार डोगरा, रणदेव, सतीश कुमार, प्रेम लाल, रोशन लाल, सोहन सिंह आदि सदस्यों ने भाग लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
