ग्रैंड स्लैम के पहले राउंड में हारकर बाहर हुए नोवाक जोकोविच, 20 साल में पहली बार हुआ ऐसा
न्यूयॉर्क। अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने मौजूदा ओलंपिक चैंपियन नोवाक जोकिविच को पहले राउंड में हराकर यूएस ओपन 2026 से बाहर कर दिया है। यह दो दशकों में पहली बार है जब नोवाक जोकोविच किसी ग्रैंड स्लैम के पहले राउंड में हारे। आर्थर ऐश स्टेडियम में रविवार को खेले गये पहले दौर के मुकाबले में चौथी वरीयता प्राप्त सार्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी जोकोविच को चार घंटे 36 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में नावोन के हाथों 7-6(5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा।
24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच यूएस ओपन के शुरुआती राउंड में कभी नहीं हारे थे। वह 2006 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में बाहर हुए। तब उन्हें कम चर्चित पॉल गोल्डस्टीन ने चौंकाते हुए हराया था। मुकाबले की शुरुआत से ही जोकोविच अपनी सामान्य लय में नहीं दिखे। उन्हें उल्टी हुई और बाएं पैर व पीठ के निचले हिस्से के इलाज के लिए मेडिकल मदद लेनी पड़ी। आधी रात से ठीक पहले मैच खत्म होने तक उन्होंने 70 ‘अनफोर्स्ड एरर’ (बिना दबाव के की गई गलतियां) किए।
मुकाबले के बाद जोकोविच ने पत्रकारों से कहा, “मुझे लगता है कि यह साफ था कि कोर्ट पर मेरे लिए अनुभव बहुत खराब रहा। दुर्भाग्य से, इस साल लगभग हर मैच में मुझे इस समस्या का सामना करना पड़ा है – उल्टी होना, जी मिचलाना, यह एक गंभीर समस्या है। फिर मेरा पूरा शरीर जवाब देने लगता है, खासकर ऐंठन और दर्द के कारण। हां, आखिर में मेरी पीठ और कंधे ने साथ छोड़ दिया और मैं मैच जीत नहीं सका।”
मैच जीतने के बाद नावोन ने कहा, “निश्चित रूप से, कोर्ट पर यह मेरे लिए सबसे बेहतरीन अनुभव है।” “यह एक शानदार कोर्ट है और सबसे बड़ा मंच है। मैं बहुत खुश हूं। मुझे नहीं पता… मैं क्या कहूं।” इस हार के बाद जोकोविच जुलाई 2018 के बाद पहली बार एटीपी रैंकिंग में टॉप 10 से बाहर हो जाएंगे। इस सीजन में ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में, सर्बियाई खिलाड़ी मेलबर्न में फाइनल तक पहुंचे, फ्रेंच ओपन के तीसरे राउंड में हारे और विंबलडन के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
