अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रक से टकराई, 6 की मौत, 20 गंभीर घायल
कासगंज। उत्तर प्रदेश में कासगंज जिले के कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में कम से कम छह श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई, जबकि 20 अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहनपुरा में हाथरस जिले की सीमा के पास सुबह करीब पौने चार बजे हुआ। मैक्स पिकअप में सवार श्रद्धालु राजस्थान के करौली जिले से अपने पूर्वजों और परिजनों के अस्थि विसर्जन के लिए सोरोंजी तीर्थ स्थल जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप की 22 चक्का ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि गंभीर रूप से घायल छह लोगों में से तीन ने अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि हादसे में 23 घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया। इनमें आठ की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था जहां तीन की मृत्यु की सूचना है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कासगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा में हुए हादसे में मौके पर जिन तीन लोगों की मृत्यु हुई, उनकी पहचान उमेश (26) पुत्र बबलू निवासी ग्राम रेवई, थाना महुआ, जिला दौसा, राजस्थान, नेहरू (25) पुत्र राम खिलाड़ी निवासी ग्राम नथोली का पूरा, थाना सूरौठ, जिला करौली, राजस्थान और प्रेम पत्नी तेजराम निवासी ग्राम नथोली का पूरा, थाना सूरौठ, जिला करौली, राजस्थान के रूप में हुई है।
हादसे में घायल आठ लोगों को जिला अस्पताल कासगंज से अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। इनमें उपचार के दौरान रीना पत्नी कर्मवीर निवासी सलेमपुर कला, जिला भरतपुर, राजस्थान, रंजीत (33) पुत्र तेजराम निवासी नथुली का पूरा, थाना सूरौठ, जिला करौली और अंजलि पत्नी मनीष निवासी रेवई, थाना महुआ, जिला दौसा की मृत्यु हो गई। इस प्रकार हादसे में अब तक कुल छह लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच का उपचार अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज और 15 का कासगंज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस और प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
