मणिमहेश यात्रा के लिए HRTC तैयार, श्रद्धालुओं की मांग पर चलेंगी अतिरिक्त बसें
धर्मशाला। मणिमहेश यात्रा को लेकर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। HRTC धर्मशाला मंडल के डीएम पंकज चड्डा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार विशेष बस सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके लिए चंबा से भरमौर, पठानकोट, कांगड़ा, धर्मशाला, हमीरपुर, पालमपुर, बैजनाथ और जोगिंदर नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए नियमित बसों के साथ-साथ मांग के अनुरूप अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी।
यात्रा के बेहतर संचालन के लिए DDM चंबा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी प्रदेशभर के HRTC डिपो के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की मांग के अनुसार बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। डीएम पंकज चड्डा ने बताया कि यदि श्रद्धालुओं का कोई समूह एक साथ यात्रा करना चाहता है तो वह संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक से संपर्क कर स्पेशल बस की ग्रुप बुकिंग करवा सकता है।
श्रद्धालुओं की सहायता के लिए HRTC द्वारा शिमला मुख्यालय, चंबा, भरमौर और पठानकोट में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। यात्रा के दौरान बसों के सुचारु संचालन और तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए विभिन्न डिपो से अतिरिक्त तकनीकी स्टाफ और मैकेनिक भी चंबा में तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बसों की व्यवस्थाओं और सेवाओं की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड तथा फिक्स्ड पॉइंट चेकिंग की व्यवस्था भी की गई है।
HRTC प्रबंधन का कहना है कि मणिमहेश यात्रा की शुरुआत से लेकर अंतिम श्रद्धालु के सुरक्षित घर लौटने तक निगम पूरी तत्परता के साथ परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
