आईजीएमसी में बढ़ा रोबोटिक सर्जरी का दायरा
सर्जरी, गायनी और पीडियाट्रिक सर्जरी के बाद अब ईएनटी डाक्टरों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
इंदिरा गांधी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू हो चुकी है। सर्जरी, गायनी और पेडियाट्रिक सर्जरी विभाग में सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। अब ईएनटी विभाग के चिकित्सकों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन द्वारा अन्य विभागों में भी रोबोटिक सर्जरी का विस्तार किया जाएगा। बता दें कि आईजीएमसी अस्पताल में 28 करोड़ रुपए की लागत से खरीदे गए रोबोट कर उद्घाटन मार्च में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किया गया।
रोबोटिक सर्जरी तकनीक में ऑपरेशन के दौरान बहुत छोटा चीरा लगाया जाता है, जिससे कम खून बहता है, दर्द कम होता है और मरीज जल्दी स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा सकता है। रोबोटिक सर्जरी की मदद से डाक्टर शरीर के जटिल और तंग हिस्सों को थ्री-डी और बड़ी इमेज में स्पष्ट रूप से देख सकते हैं, जिससे सर्जरी अधिक सटीक होती है और किसी भी तरह की गलती की संभावना कम हो जाती है। अब अन्य विभागों में रोबोटिक सर्जरी प्रशिक्षण सुविधा शुरू होने से प्रदेश के हजारों मरीजों को लाभ मिलेगा और उन्हें महंगी सर्जरी के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
