सेब सीजन से पहले सडक़ें दुरुस्त करने की गुहार

By: Sep 2nd, 2026 12:02 am

रत्नाड़ी की मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल, उठाया अधूरे सुंदरनगर रोड का मुद्दा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
कोटखाई क्षेत्र की रत्नाड़ी पंचायत की विभिन्न समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विधानसभा में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सेब सीजन शुरू होने से पहले क्षेत्र की सडक़ों की स्थिति सुधारने और अधूरे सडक़ कार्यों को जल्द पूरा करवाने की मांग प्रमुखता से उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने नाबार्ड के तहत स्वीकृत सुंदरनगर रोड के अधूरे कार्य का मुद्दा उठाते हुए इसकी मैटलिंग और टायरिंग जल्द करवाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सडक़ का काम लंबित होने से स्थानीय लोगों और बागवानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि सेब सीजन से पहले सडक़ का शेष कार्य पूरा करने के साथ इसके लिए बचा हुआ बजट भी जल्द जारी किया जाए, ताकि सेब की ढुलाई सुचारू हो सके।

प्रतिनिधिमंडल ने रत्नाड़ी पंचायत में फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के निर्माण की मांग भी शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही को देखते हुए इसकी आवश्यकता है। इसके अलावा वन क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और जरूरी सुविधाओं को लेकर भी मंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुंदरनगर रोड की मैटलिंग-टायरिंग, सेब सीजन से पहले सडक़ व्यवस्था में सुधार और फॉरेस्ट रेस्ट हाउस सहित अन्य मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में पंचायत उपप्रधान यशपाल भोलटा, सुंदरनगर वार्ड सदस्य विजय, गांधी नगर वार्ड सदस्य हीरा सिंह, रत्नाड़ी के कांग्रेस वरिष्ठ कार्यकर्ता लायक राम औस्टा तथा जुब्बल-नावर-कोटखाई ब्लॉक अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष हरिदत्त सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App