खेलकूद प्रतियोगिता में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे उपनिदेशक

By: Sep 2nd, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
जिला सिरमौर में चल रही स्कूली स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं के निरीक्षण के लिए उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा डा. मदन लाल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नैनाटिक्कर का दौरा किया। उन्होंने जोनल स्तरीय प्रतियोगिताओं की गतिविधियों का जायजा लिया और खिलाडिय़ों के रहने, खाने-पीने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था देखी।

इस दौरान उन्होंने शारीरिक शिक्षकों और आयोजन समिति के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की आगामी परीक्षाओं को देखते हुए पढ़ाई की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। डा. मदन लाल ने प्रतियोगिता के दौरान छात्रों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं करने पर प्रधानाचार्या संगीता भट्टी का आभार जताया। उन्होंने खिलाडिय़ों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं। इससे पहले उन्होंने संस्कृत कालेज नाहन में आयोजित जिला स्तरीय संस्कृत सप्ताह महोत्सव के पारितोषिक वितरण समारोह में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर अशोक चौहान, डीपीई विजय कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App