कज़ाकिस्तान में युवाओं की आवाज बनेंगे हमीरपुर के सोम्या कड़ोहता

By: Sep 2nd, 2026 11:02 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर से ताल्लुक रखने वाले 20 वर्षीय युवा सोम्या कड़ोहता ने विदेश में रह रहे भारतीयों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को नई दिशा देने की ओर कदम बढ़ाया है। उन्हें एआईसीसी इंडियन ऑवरसीज कांग्रेस के कजाकिस्तान कॉर्डिनेटर के रूप में जिम्मेदारी मिली है। एक मेडिकल छात्र के रूप में कजाकिस्तान में रहकर पढ़ाई कर रहे सोम्या अब युवाओं, भारतीय समुदाय और भारत-कज़ाकिस्तान के बीच बेहतर संवाद एवं जुड़ाव को लेकर सक्रिय नजर आ रहे हैं। सोम्या कड़ोहता का मानना है कि विदेश में रहने वाला भारतीय समुदाय केवल अपनी पढ़ाई, नौकरी या व्यवसाय तक सीमित नहीं है, बल्कि वह भारत की संस्कृति, विचार और पहचान का भी प्रतिनिधित्व करता है।

इसी सोच के साथ वे विदेशों में रह रहे भारतीय युवाओं को जोडऩे और उनकी आवाज को प्रभावी तरीके से सामने रखने की दिशा में काम करने की बात करते हैं। कजाकिस्तान में भारतीय छात्रों और भारतीय समुदाय के साथ संवाद बढ़ाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

भारत की छवि पर काम

सोम्या का प्रयास है कि विदेश में पढऩे वाले भारतीय युवा केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रहें, बल्कि भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत रखने और देश की सकारात्मक छवि को आगे बढ़ाने में भी योगदान दें। सोम्या कड़ोहता मूल रूप से भोरंज के रहने वाले हैं उनकी प्लस टू तक की स्कूलिंग डीएवी हमीरपुर में हुई है। वह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे लाला भगत राम कड़ोहता के पड़पोते हैं। लाला भगत राम की गिनती कांग्रेस के कर्मठ नेताओं में होती है। बता दें कि सोम्या आजकल अपने घर आए हुए हैं और सितंबर में वे दोबारा एक साल के लिए कजाकिस्तान लौट जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App