गंज बाजार में गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे

By: Sep 3rd, 2026 12:01 am

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
सनातन धर्म सभा की ओर से गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में बुधवार को भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व का शुभारंभ हुआ। दोपहर करीब 12:30 बजे ढोल-नगाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए पूरे बाजार को भक्तिमय बना दिया। सभा द्वारा संचालित दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने धर्म ध्वज लेकर शोभायात्रा की शुरुआत की। आर्य समाज स्कूल के बच्चों ने बैंड, लिजियम कैंची और भांगड़ा प्रस्तुत किया।

शोभायात्रा राधा-कृष्ण मंदिर से राम बाजार, कार्ट रोड, भगत सिंह रोड होते हुए जिलाधीश कार्यालय और नाज रेस्टोरेंट तक पहुंची। नगर कीर्तन में श्री ठाकुर जी की डोली और भगवान जगन्नाथ जी का रथ विशेष आकर्षण रहे। मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। राम दरबार, राधा-कृष्ण, हनुमान और भोलेनाथ की झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोहा। जगह-जगह भंडारे लगाए गए। महिला कीर्तन मंडली और पंकज एंड पार्टी ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। सभा के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता ने बताया कि कार्यक्रम में महापौर सुरेंद्र चौहान, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम शाम 6:30 बजे तक चला। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App