भारी मलबे से नेहली में नाहन-रेणुकाजी सडक़ बंद
दो दिन में बहाली की उम्मीद; लगातार बारिश बनी बाधा, वैकल्पिक मार्ग तय
कार्यालय संवाददाता-नाहन
लगातार हो रही बारिश ने जिला सिरमौर में सडक़ों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिला मुख्य मार्ग एमडीआर नाहन-श्रीरेणुकाजी-हरिपुरधार मार्ग नेहली के पास भारी मलबा और बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से एक बार फिर यातायात के लिए बंद हो गया है। भूस्खलन के कारण सडक़ का बड़ा हिस्सा भी ध्वस्त हो गया है। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। नेहली के पास यह हिस्सा पिछले वर्ष भी भारी बारिश के दौरान भूस्खलन की चपेट में आया था। इसके बाद से यहां लगातार भू-स्खलन की समस्या बनी हुई है। इस बार मोड़ के पास सडक़ का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से बहाली का काम चुनौतीपूर्ण हो गया है।
लगातार जारी बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के राहत एवं बहाली कार्य में भी बाधा आ रही है। लोक निर्माण विभाग मंडल नाहन के अधिशाषी अभियंता ईं. आलोक जनवेजा ने बताया कि मार्ग की बहाली के लिए मौके पर दो पोकलेन मशीनों सहित अन्य मशीनरी लगाई गई है। भारी चट्टानों और मलबे को हटाने के साथ सडक़ के ऊपरी हिस्से में नया मार्ग तैयार करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्य मार्ग को पूरी तरह बहाल करने में करीब दो दिन का समय और लग सकता है। उन्होंने बताया कि नाहन से श्रीरेणुकाजी जाने वाले वाहनों को जमटा होकर भेजा जा रहा है, जबकि श्रीरेणुकाजी से नाहन आने वाले यातायात के लिए शिलणू-कैलाश मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। वैकल्पिक मार्गों पर वाहन चालकों को जानकारी देने के लिए विभागीय कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
