Lava Virat V1 5G का नया वेरिएंट भारत में लांच, जानें कीमत और फीचर्स
नई दिल्ली। Lava ने अपने 5G स्मार्टफोन Lava Virat V1 5G को अब नए स्टोरेज वेरिएंट में पेश किया है। इससे पहले यह फोन केवल 4GB रैम और 64GB स्टोरेज के साथ उपलब्ध था। अब कंपनी ने इसका 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाला मॉडल भी लॉन्च कर दिया है।
Lava Virat V1 5G की कीमत
Lava Virat V1 5G के नए 4GB + 128GB वेरिएंट की कीमत 14,499 रुपए रखी गई है। यह फोन कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा Flipkart पर भी खरीदने के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी ने इसे ऑनलाइन एक्सक्लूसिव फोन के तौर पर पेश किया है।
फोन में 6.75 इंच की बड़ी स्क्रीन
Lava Virat V1 5G में 6.75 इंच का LCD डिस्प्ले दिया गया है। यह HD+ रिजॉल्यूशन के साथ आता है। फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रीन पर स्क्रॉलिंग काफी स्मूद रहती है। फोन में वॉटरड्रॉप नॉच डिजाइन दिया गया है।
प्रोसेसर और स्टोरेज
फोन में Unisoc T8200 चिपसेट दिया गया है। इसमें 8GB तक वर्चुअल रैम का सपोर्ट मिलता है। स्टोरेज के लिए 64GB और 128GB के विकल्प हैं। फोन में UFS 2.2 स्टोरेज दी गई है, जिसे माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 1TB तक बढ़ाया जा सकता है। यह स्मार्टफोन Android 16 पर चलता है।
कैमरा और बैटरी
फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे 13 मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन में 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। यह 18W फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। हालांकि, कंपनी फोन के साथ बॉक्स में 10W का चार्जर देती है।
कनेक्टिविटी और दूसरे फीचर्स
Lava Virat V1 5G में 5G, 4G VoLTE, Wi-Fi 802.11ac, Bluetooth 5.0 और GPS जैसे कनेक्टिविटी फीचर्स मिलते हैं। इसमें 3.5mm हेडफोन जैक भी दिया गया है। सुरक्षा के लिए फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर है। साउंड के लिए नीचे की तरफ स्पीकर दिया गया है। फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए IP64 रेटिंग मिली है। कुल मिलाकर, Lava Virat V1 5G का नया 128GB मॉडल उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें ज्यादा स्टोरेज वाला 5G फोन चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
