सात साल बाद टांडा मेडिकल कॉलेज ने मनाया ‘यूटोपिया फेस्ट’, खेल और संस्कृति से गूंजा परिसर
पंकज राणा, टीएमसी।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा में सात साल के लंबे अंतराल के बाद ‘यूटोपिया फेस्ट-2026’ का आयोजन किया गया। स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन एससीए टांडा की ओर से आयोजित इस फेस्ट में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, खेल और अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे से दूर रखते हुए उन्हें खेल, रचनात्मकता और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम में कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा, मुख्य अतिथि डॉ. राजीव गोयल और के मुख्य सलाहकार डॉ. मुनीश सरोच विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान शिक्षकों की नई सलाहकार समिति का गठन किया गया। एससीए के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने छात्र समुदाय की सेवा करने, कॉलेज की गरिमा बनाए रखने और विद्यार्थियों के हित में कार्य करने की शपथ ली।
एससीए की नई टीम में आशीष चौहान को अध्यक्ष, सुनिधि को उपाध्यक्ष, मुस्कान जसवाल को जनरल सेक्रेटरी, आयुष अग्रवाल को फाइनेंस सेक्रेटरी, प्रतीक्षा अत्री को कल्चरल सेक्रेटरी और आराध्या को जॉइंट सेक्रेटरी चुना गया। वहीं लक्ष्य शर्मा को स्पोर्ट्स सेक्रेटरी, शेफाली सिंह को लिटरेरी सेक्रेटरी, कार्तिक रंधावा को एग्जीक्यूटिव हेड (बॉयज), स्वाति को एग्जीक्यूटिव हेड (गर्ल्स) और निकिता चौधरी को एग्जीक्यूटिव कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
सात साल बाद आयोजित इस फेस्ट में एथलेटिक्स मीट के साथ वॉलीबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं करवाई गईं। सांस्कृतिक गतिविधियों ने भी विद्यार्थियों में खासा उत्साह भरा। लंबे अंतराल के बाद कॉलेज परिसर में आयोजित इस आयोजन ने विद्यार्थियों को आपसी मेलजोल, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान किया।
आयोजकों ने कहा कि ‘यूटोपिया फेस्ट’ केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रयास है। एससीए ने भविष्य में भी विद्यार्थियों के लिए ऐसी रचनात्मक और स्वस्थ गतिविधियां जारी रखने का संकल्प लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
