हेलमेट में चिट्टा, नशे के साथ तीन गिरफ्तार

By: Sep 13th, 2026 12:53 am

बद्दी पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 52.07 ग्राम चिट्टा और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद, पंजाब, जम्मू-कश्मीर से जुड़े दो युवक अमरावती में दबोचे

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसते हुए दो अलग-अलग मामलों में 52.07 ग्राम हेरोइन चिट्टा और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन आईस बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। दोनों मामलों में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने तीनों के खिलाफ , नडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बद्दी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि साई रोड के अमरावती क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक नशीले पदार्थ लेकर घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में दबिश देकर मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवकों को रोक लिया। पुलिस ने जब मोटरसाइकिल और आरोपियों की तलाशी ली तो बाइक के हैंडल पर लटके हेलमेट के भीतर नशीला पदार्थ छिपाकर रखा मिला। जांच के दौरान हेलमेट से 42.86 ग्राम हेरोइन चिट्टा और 6.16 ग्राम मेथामफेटामाइन आईस बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (27) निवासी गांव व डाकघर हारटा तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर पंजाब और दानिश असलम सिरवाल (25) निवासी किश्तवाड़, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली। बद्दी थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरे मामले में बरोटीवाला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के समीप नाकाबंदी कर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को काबू किया। पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की तो उसके मीटर हेड वाइजर के भीतर 9.21 ग्राम हेरोइन छिपाकर रखी गई मिली। पुलिस ने नशीला पदार्थ कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अजय कुमार (21) निवासी गांव पट्टा, डाकघर कट्टल, तहसील रामशहरए जिला सोलन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ बरोटीवाला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।

दोनों मामलों में जांच जारी

दोनों मामलों में पुलिस अब आरोपियों के संपर्कों और नशे की सप्लाई चेन को खंगाल रही है। यह भी जांच की जा रही है कि बरामद नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हुई और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App