गुरदासपुर में सीमा पार हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार; छह पिस्तौल बरामद
गुरदासपुर। पंजाब में गुरदासपुर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त अभियान में सीमा पार हथियार तस्करी के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से छह पिस्तौल और .30 कैलिबर तथा 9 एमएम के 49 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि आरोपियों को पीछा करने के बाद गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हथियार ड्रोन के जरिए सीमा पार से तस्करी कर लाए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों में से एक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित 26 प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिली है।
इस संबंध में गुरदासपुर के दोरांगला थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस नेटवर्क के संपर्कों का पता लगाने तथा सीमा पार हथियार तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि राज्य में आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने, सीमा पार हथियारों की तस्करी पर रोक लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
