नशा कुचलने के लिए आज ऊना में एक साथ बढेंग़े हजारों कदम, CM की अगवाई में होगी एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन
सीएम की अगवाई में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन, जिला-पुलिस प्रशासन की तैयारियां पूरी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना
नशे के खिलाफ ऊना में 16 सितंबर को एक साथ हजारों कदम उठेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगवाई में होने वाले एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रतिभागियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ आमजन की सुविधा तथा शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल एवं वॉकाथॉन मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। मुख्यमंत्री वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। वह युवाओं से संवाद करेंगे तथा प्रतिभागियों के साथ स्वयं वॉकाथॉन में चलकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाएंगे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायकगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। उपायुक्त जतिन लाल ने जिलावासियों से एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: आठ बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान ऊना से होगी। कार्यक्रम के दौरान सुप्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइंस’ की प्रस्तुति होगी। करीब दो घंटे के सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस खेल मैदान पहुंचेगी। वॉकाथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई एवं महाविद्यालयों के छात्रों के साथ-साथ आमजन की व्यापक भागीदारी रहेगी। उपायुक्त ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपने संस्थान के बैनर के साथ वॉकाथॉन में भाग लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्लेकार्ड अथवा बोर्ड न लाए जाएं, जिनमें लकड़ी अथवा ऐसी सामग्री का इस्तेमाल हो, जिससे प्रतिभागियों को चोट लगने की आशंका हो।
यातायात व्यवस्था के लिए विशेष प्रबंध
एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन के दौरान 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक ऊना शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। ऊना जिला मुख्यालय से होकर गुजरने वाले वाहनों को असुविधा से बचाने के लिए अंतर-जिला यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। शहर के स्थानीय यातायात के लिए भी आवश्यक रूट व्यवस्था की गई है। यातायात को आवश्यकतानुसार नियंत्रित एवं डाइवर्ट किया गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
