बनेर में एकदम बढ़ा पानी, छह श्रद्धालु फंसे

By: Sep 16th, 2026 12:01 am

आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड और प्रशासन ने सुरक्षित बाहर निकाले सभी लोग

नगर संवाददाता- कांगड़ा
बाणगंगा घाट के समीप मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बनेर खड्ड के बीचोंबीच नहाने पहुंचे छह श्रद्धालु अचानक बढ़े पानी के बीच फंस गए। ऊपरी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर एकाएक बढ़ गया, जिससे श्रद्धालु घबरा गए और बीच में सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर मदद के लिए पुकारने लगे। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार कांगड़ा प्रकाश चंद ठाकुर भी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान में जुट गए। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के जवानों ने सभी छह श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन की ओर से बाणगंगा घाट पर लोगों की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिसमें खड्ड में न जाने की हिदायत दी गई है। इसके बावजूद श्रद्धालु खड्ड के बीचोंबीच नहाने पहुंच रहे हैं।

फायर आफिसर अनिल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू आपरेशन चलाकर छह श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के दौरान खड्डों और नदी-नालों के समीप जाने से बचें, क्योंकि ऊपरी क्षेत्रों में बारिश होने पर निचले क्षेत्रों में अचानक पानी बढ़ सकता है। वहीं, तहसीलदार कांगड़ा प्रकाश चंद ठाकुर ने कहा कि चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद लोग खड्ड में नहाने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए बाणगंगा घाट पर अतिरिक्त कर्मी तैनात किए जाएंगे, जो समय-समय पर लोगों को खड्ड में न जाने के लिए आगाह करेंगे। रेस्क्यू आपरेशन को सफल बनाने में अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने साहस और तत्परता का परिचय दिया। अभियान में अग्रिशामक बेअंत शर्मा, हरनाम सिंह, गणेश कुमार, फायरमैन दिनेश, अनिल, एचएचजी मदन लाल तथा डीवीआर हुकम राम मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App