बिजली के अघोषित कटों से बिलासपुर को जल्द मिलेगी राहत
शहर में 32 करोड़ की राशि की जा रही खर्च; 29 नए ट्रांसफॉर्मर लगेंगे, 39 की बढ़ेगी क्षमता, शहर में बिछेंगी नई एलटी-एचटी लाइन, काम तेज
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
बिलासपुर शहर के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। शहर के विद्युत उपभोक्ताओं को जल्द ही बिजली कटों से निजात मिलने वाली है। यही नहीं बिजली से संबधित अन्य समस्याओं से भी उपभोक्ताओं को निजात मिलेगी। इसके लिए विद्युत बोर्ड बिलासपुर की ओर से कार्य शुरू कर दिया गया है। बाकायदा शहर में जहां नए ट्रांसफॉर्मर लगेंगे। वहीं, पुराने ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता भी बढ़ेगी। साथ ही नई एचटी, एलटी लाइनें भी बिछेंगी। विद्युत बोर्ड की ओर से इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू कर दिया गया है।
विद्युत बोर्ड की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट को पूरा किया जाए, ताकि विद्युत उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। विद्युत बोर्ड बिलासपुर की ओर से विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मुहैया करवाई जा रही है। हालांकि कई बार अघोषित बिजली कट भी लगते हैं, जिससे जनता को परेशानी भी झेलनी पड़ती है। लेकिन इस समस्या से निजात के लिए बिजली बोर्ड की ओर से युद्ध स्तर पर कार्य चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विद्युत बोर्ड की ओर से इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 32 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। इस कार्य के तहत 29 नए ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। यही नहीं 39 पुराने ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
इसके अलावा नई बिजली की लाईनें भी बिछाई जाएंगी। बिलासपुर शहर में जो प्रोजेक्ट चला है वह वल्र्ड बैंक पर आधारित हैं। वल्र्ड बैंक की ओर से यह बजट राशि स्वीकृत की गई है। बता दें कि बारिश या तूफान के समय विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। शहर के उपभोक्ताओं को कई तरह की समस्याएं झेलनी पड़ती हैं। हालांकि विद्युत बोर्ड के कर्मी भी इस तरह की समस्याओं को दूर करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। लेकिन स्थायी तौर पर समस्या का हल नहीं हो पाता है। इस तरह की समस्याओं से निजात दिलाने के लिए ही बिलासपुर शहर में यह प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए करीब एक साल तक का समय लग सकता है। जिसके चलते शहर के उपभोक्ताओं को इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
क्या बोले बिजली बोर्ड के एक्सईएन शशिकांत
बिजली बोर्ड बिलासपुर के अधिशासी अभियंता शशिकांत ने बताया कि शहर के उपभोक्ताओं को जल्द ही विद्युत कटों से निजात मिलेगी। इसके लिए शहर में कार्य शुरू किया गया है। नए ट्रांसफॉर्मर लगेंगे। पुराने ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ेगी। नई एचटी, एलटी लाईनें बिछेंगी। विद्युत बोर्ड की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द इस प्रोजेक्ट को पूरा किया जाए। ताकि शहर के विद्युत उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। इस बारे में विद्युत बोर्ड के अधिकारियों, कर्मियों को भी निर्देश दिए गए हैं।
बिलासपुर में काम युद्ध स्तर पर जारी
शहर में कई बार अघोषित बिजली कट भी लगते हैं। इस समस्या से निजात के लिए बिजली बोर्ड की ओर से युद्ध स्तर पर कार्य चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विद्युत बोर्ड की ओर से इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 32 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। उल्लेखनीय है कि जनता को परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
