रिकांगपिओ कालेज में बनेगा बॉक्सिंग रिंग
रिकांगपिओ कालेज में सजा वार्षिक समारोह, मंत्री जगत सिंह नेगी ने मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-रिकांगपिओ
ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांगपिओ में वर्ष 2024-25 और 2025-26 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और मेधावी विद्यार्थियों सहित शैक्षणिक, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया। जगत सिंह नेगी ने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक सेवा में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किन्नौर की बेटियों ने बॉक्सिंग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
उन्होंने रिकांगपिओ कॉलेज में बॉक्सिंग रिंग बनाने और मैदान में घास लगाने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि जिले के 19 से अधिक शिक्षण संस्थानों में रेड स्टोन बास्केटबॉल कोर्ट बनाए गए हैं। कल्पा में बहुउद्देशीय स्टेडियम और राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण चल रहा है। मंत्री ने कॉलेज की विभिन्न गतिविधियों के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। खेलो इंडिया आइस हॉकी में कांस्य पदक विजेता रिगजिन डोलमा को 50 हजार, राज्य स्तरीय बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक विजेता अदिति को 30 हजार तथा विश्वजीत, दीपक और एनसीसी परेड में शामिल ऋषि भास्कर को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
