बद्दी यूनिवर्सिटी के फार्मेसी कार्यक्रम को एनबीए प्रत्यायन
हिमाचल का एनबीए मान्यता प्राप्त एकमात्र फार्मेसी संस्थान बना एसपीईएस, समारोह में उपलब्धि पर जताई खुशी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
बद्दी विश्वविद्यालय ऑफ इमर्जिंग साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी के स्कूल ऑफ फार्मेसी एंड इमर्जिंग साइंसेज (एसपीईएस) ने फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के स्नातक कार्यक्रम को प्रतिष्ठित नेशनल बोर्ड ऑफ एक्रीडिटेशन (एनबीए) प्रत्यायन प्राप्त हुआ है। विश्वविद्यालय के अनुसार इसके साथ ही एसपीईएस हिमाचल प्रदेश का एनबीए प्रत्यायन प्राप्त करने वाला एकमात्र फार्मेसी संस्थान बन गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय के प्रो. हरकिशन सिंह सेमिनार हॉल में विशेष समारोह आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इसे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परिणाम आधारित शिक्षण, अनुसंधान, नवाचार, व्यावसायिक विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। समारोह में विश्वविद्यालय के सचिव गौरव राम झुनझुनवाला, चांसलर के सलाहकार प्रो. (डॉ.) टी.आर. भारद्वाज, कुलपति प्रो. (डॉ.) जे.के. शर्मा और कुलसचिव प्रो. (डॉ.) खुशमीत कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एसपीईएस के डीन प्रो. (डॉ.) रविनेश मिश्रा, विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) भारतेन्दु शर्मा और डिप्लोमा प्रमुख अलका शर्मा सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं कर्मचारी भी समारोह में शामिल हुए। दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में वक्ताओं ने एनबीए प्रत्यायन के लिए संस्थान को बधाई दी। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय प्रबंधन, प्रशासन, शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की उपलब्धि बताया। वक्ताओं ने कहा कि एनबीए प्रत्यायन संस्थान के शैक्षणिक मानकों और गुणवत्ता की मान्यता है, साथ ही इन मानकों को बनाए रखने और निरंतर सुधार की जिम्मेदारी भी बढ़ाता है। कार्यक्रम में एसपीईएस के डीन प्रो. (डॉ.) रविनेश मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए विश्वविद्यालय नेतृत्व, अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
