पांवटा सिविल अस्पताल को मिले पांच स्पेशलिस्ट

By: Sep 16th, 2026 12:01 am

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करते हुए रविवार को एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में 193 चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। जिला सिरमौर की बात करें तो जिले के सबसे व्यस्त सिविल अस्पताल पांवटा साहिब को इस सूची में पांच महत्त्वपूर्ण विशेषज्ञ डाक्टर मिले हैं। लंबे समय से डाक्टरों की कमी झेल रहे अस्पताल के लिए यह खबर किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि अस्पताल में लंबे समय से बाल रोग विशेषज्ञ का पद खाली चल रहा था जो अब भर गया है। इसके अलावा अस्पताल में पहली बार फोरेंसिक मेडिसिन विशेषज्ञ की भी तैनाती हुई है।

पांवटा साहिब सिविल अस्पताल को मिले डाक्टरों में डा. सक्षम कौशल बाल रोग विशेषज्ञ, डा. संजय कुमार गुर्जर त्वचा रोग विशेषज्ञ, डा. रुचि प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, डा. अनुराधा चौधरी रेडियो डायग्नोसिस, डा. सिद्धार्थ कालिया एमओ फोरेंसिक मेडिसिन के डाक्टर की तैनाती से अब मेडिको-लीगल मामलों और पोस्टमार्टम से जुड़े मामलों में तेजी आएगी और लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उम्मीद है कि सभी डाक्टर जल्द ही अपना कार्यभार संभाल लेंगे, जिससे अस्पताल में मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App