नेहली-मात्तर में भूस्खलन का होगा स्थायी समाधान

By: Sep 17th, 2026 12:01 am

आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यक्रम में शामिल दोनों स्पॉट, एएफडी बैंक से मिलेगी आर्थिक मदद

कार्यालय संवाददाता-नाहन
जिला सिरमौर लोक निर्माण मंडल नाहन के तहत आने वाले नाहन-ददाहू-हरिपुरधार मुख्य जिला मार्ग और मात्तर-भेड़ों के मात्तर मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। नाहन-ददाहू-हरिपुरधार मार्ग पर नेहली के पास लगातार चट्टानें खिसकने से मार्ग जोखिमपूर्ण बना हुआ है। इसी तरह मात्तर में भी भूस्खलन से सडक़ प्रभावित हो रही है।

इन परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने दोनों संवेदनशील स्थलों को हिमाचल प्रदेश डिजास्टर रिस्क एंड प्रीपेयर्डनेस प्रोग्राम के तहत स्थायी समाधान के लिए शामिल किया है। जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग दोनों भूस्खलन प्रभावित स्थलों की डीपीआर तैयार करेगा। परियोजना के लिए फ्रांस के एएफडी विकास बैंक से फंड उपलब्ध करवाया जाएगा। राज्य सरकार की मंजूरी के बाद एएफडी बैंक से फंड मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विगत मंगलवार को प्रदेश की प्रॉब्लम मैनेजमेंट डिजाइन कंसल्टेंट (पीएमडीसी) टीम ने दोनों स्थलों का निरीक्षण किया। टीम में डिजाइन, वित्त और भू-गर्भ विज्ञान से जुड़े अधिकारी शामिल थे। इस दौरान लोक निर्माण विभाग मंडल नाहन के अधिशाषी अभियंता इंजीनियर आलोक जनवेजा भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App