HKA 2026 : ‘दिव्य हिमाचल’ के मंच पर इंदौरा का टेलेंट, अरनी यूनिवर्सिटी में ऑडिशन
अरनी यूनिवर्सिटी में ‘हिमाचल की आवाज-2026’ के ऑडिशन, शानदार प्रस्तुतियों से मोहा मन
निजी संवाददाता— इंदौरा
‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के लोकप्रिय इवेंट ‘हिमाचल की आवाज-2026’ के ऑडिशन गुरुवार को अरनी यूनिवर्सिटी इंदौरा में हुए। ऑडिशन में जूनियर और सीनियर ग्रुप के कुल 51 प्रतिभागियों ने भाग लेकर गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने एक से बढक़र एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अरनी यूनिवर्सिटी ‘हिमाचल की आवाज-2026’ में सह प्रायोजक के रूप में ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के साथ मिलकर प्रदेश के युवाओं को प्रतिभा निखारने और भविष्य संवारने के लिए कदम के साथ कदम मिलाकर चल रही है। ऑडिशन के दौरान जूनियर और सीनियर वर्ग के 51 प्रतिभागियों ने अपनी आवाज और गायन कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद संगीत प्रेमियों का खूब मनोरंजन किया। उभरते कलाकारों के बेहतरीन हुनर को देखकर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया। बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की अतिथियों और आयोजकों ने हौसलाअफजाई की।

कार्यक्रम में अरनी यूनिवर्सिटी के डीन अकादमिक डा. आर पीपी सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करके उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ‘दिव्य हिमाचल’ प्रदेश के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतरीन मंच उपलब्ध करवाया है, जो काबिलेतारीफ है। ऐसे आयोजनों से हिमाचल के दूरदराज क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को भी आगे आने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों और अपनी प्रतिभा को निखारने में लगानी चाहिए।
अरनी यूनिवर्सिटी युवाओं के उत्थान के लिए ‘दिव्य हिमाचल’ के साथ
इंदौरा। अरनी यूनिवर्सिटी के चांसलर डा. विवेक सिंह को सम्मानित करते ‘दिव्य हिमाचल’ के प्रतिनिधि
‘हिमाचल की आवाज-2026’ ऑडिशन के दौरान अरनी यूनिवर्सिटी के चांसलर डा. विवेक सिंह ने कहा कि अरनी यूनिवर्सिटी पिछले कई सालों से हिमाचल के युवाओं को ऐसे मंचों से जोडऩे का प्रयास कर रही है, जहां वे शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी भविष्य बना सकें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए अवसर प्रदान करना है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। डा. विवेक सिंह ने ‘हिमाचल की आवाज-2026’ जैसे मंच के आयोजन के लिए ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के प्रयासों की सराहना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
