सधोड़ापत्तन में 31.19 करोड़ की लागत से बनेगा पुल

By: Sep 19th, 2026 12:54 am

कार्यालय संवाददाता – नादौन
विधानसभा क्षेत्र नादौन के सधोड़ापत्तन में 31.19 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। शुक्रवार को इसका विधिवत शिलान्यास मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया। इस पुल की लंबाई 250 मीटर होगी तथा यह डबललेन मोटरेबल होगा तथा फुटपाथ का भी निर्माण किया जाएगा। मु यमंत्री ने कहा कि यह पुल हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के दरियाल गांव को कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी क्षेत्र के सिल्ह गांव से जोड़ेगा। इस पुल से नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों की 15 ग्राम पंचायतों में रहने वाले 30 हजार से अधिक लोगों के अलावा सुजानपुर क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस पुल से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। इस परियोजना से आसपास के क्षेत्रों में सडक़ संपर्क सुविधा सुदृढ़ होगी तथा लोगों और वाहनों की आवाजाही सुगम बनेगी। पुल के निर्माण से नादौन और ज्वालामुखी के बीच निकटतम सडक़ मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ यात्रा की दूरी कम होगी और स्थानीय लोगों के समय की भी बचत होगी। उन्होंने कहा कि इस पुल से नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों के बीच संपर्क को बेहतर बनाकर क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही लोगों और वस्तुओं की आवाजाही आसान होने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के लुथान में 150 करोड़ रुपये की लागत से सुखाश्रय परिसर बनाया जा रहा है।

वहीं, नादौन में ब्यास नदी के किनारे 400 करोड़ रुपये की लागत से रिवर फ्रंट विकसित किया जा रहा है। यहां ब्यास आरती भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमतर के पास जल्द ही एक और पुल बनाया जाएगा और जिले की सभी सडक़ों को डबल लेन करने का काम किया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि प्राकृतिक हल्दी को समर्थन मूल्य देने का विचार भी उन्हें नादौन से मिला। राज्य सरकार ने राजीव गांधी प्राकृतिक खेती योजना शुरू की है, जिसके तहत प्राकृतिक खेती से उत्पादित उत्पादों को समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गाय का दूध 61 रुपए प्रति लीटर और भैंस का दूध 71 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीद रही है और इसका भुगतान सीधे पशुपालकों के खातों में किया जा रहा है। ढगवार में 300 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जो इसी वर्ष के अंत तक शुरू होगा। इस अवसर पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन ने कहा कि सधोड़ा पत्तन पुल का शिलान्यास नादौन और ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। कई सरकारें आईं और गईं, लेकिन पुल का निर्माण शुरू नहीं हो पाया।

दिग्गजों की उपस्थिति
विधायक कमलेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर, हि.प्र. अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डा. मोहन लाल और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App