गाड़ी नहीं पहुंची तो मरीज को बिस्तर पर उठाकर ले जाना पड़ा घर
बगेहड़ा में सडक़ बनी मुसीबत, बदहाली की वजह से हो रही परेशानी
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
उपमंडल सुजानपुर के बीड बगेहड़ा पुआड़ में सडक़ की बदहाली की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ सुविधा को लेकर किए जा रहे दावों पर सवाल खड़े करती है। थाना बस्ती वार्ड नंबर-पांच उपरला बगेहड़ा की एक बुजुर्ग महिला अस्पताल से घर लौटीं, लेकिन खराब रास्ते के कारण वाहन उनके घर तक नहीं पहुंच सका। आखिरकार परिवार और ग्रामीणों को उन्हें बिस्तर पर उठाकर घर तक पहुंचाना पड़ा। यह तस्वीर सिर्फ एक परिवार की परेशानी नहीं, बल्कि उन ग्रामीणों की रोजमर्रा की मुश्किलों को सामने लाती है, जिन्हें खस्ताहाल सडक़ के कारण आवागमन में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। बुजुर्ग महिलाएं, स्कूली बच्चे और बीमार मरीज इस रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार सडक़ जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है।
ग्रामीणों का दावा है कि सडक़ लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आती है और इसकी मर मत को लेकर विभाग से कई बार मांग की जा चुकी है। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने अपने स्तर पर भी सडक़ के गड्ढे भरने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने अपने खर्च पर जेसीबी लगाकर अस्थायी मर मत भी करवाई, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इतनी खराब सडक़ की स्थायी मर मत और पक्के निर्माण का काम विभाग को ही करवाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मौके का निरीक्षण करवाकर सडक़ की वास्तविक स्थिति देखने तथा जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है। साथ ही स्थानीय विधायक से भी इस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की अपील की गई है। सवाल अब सिर्फ सडक़ का नहीं, बल्कि मरीजों और आम ग्रामीणों की सुरक्षित आवाजाही का है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
