चलती बस से गिरी युवती की चंडीगढ़ में मौत
ड्यूटी से लौट रही 21 वर्षीय तमन्ना को बस से उतारे बिना ही दौड़ा दी थी गाड़ी, चालक पर लापरवाही का केस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में कंपनी की बस से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई 21 वर्षीय युवती तमन्ना की चंडीगढ़ में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा 10 सितंबर की रात पीरस्थान में उस समय हुआ था, जब तमन्ना ड्यूटी खत्म कर कंपनी की बस से अपने किराये के कमरे लौट रही थी और बस से उतरने के लिए दरवाजे के पास खड़ी थी। आरोप है कि चालक ने युवती को उतारे बिना ही बस दोबारा चला दी, जिससे वह चलती बस से सडक़ पर जा गिरी। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के बाद उसका जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ में उपचार चल रहा था, जहां 17 सितंबर को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में राम पुत्र प्रताप चंद, निवासी गांव थल्ला, डाकघर ओरा, तहसील भरमौर, जिला चंबा ने बताया कि तमन्ना पुत्री नरेश कुमार, निवासी गांव हाट, डाकघर दुर्गठी, तहसील भरमौर, जिला चंबा रिश्ते में उसकी भांजी थी। तमन्ना बद्दी की एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी और पीरस्थान स्थित आकाश नगर में किराये के कमरे में रहती थी। बयान के अनुसार 10 सितंबर को तमन्ना की ड्यूटी बी-शिफ्ट में दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक थी।
ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह कंपनी की बस से अन्य कर्मचारियों के साथ वापस लौट रही थी। रात करीब 10 बजे पीरस्थान पहुंचने पर तमन्ना आकाश होटल के पास उतरने के लिए अपनी सीट से उठकर बस के अगले दरवाजे के पास खड़ी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान चालक ने बस को तेज रफ्तार से चलाते हुए कुछ सेकंड के लिए ब्रेक लगाई और तमन्ना को बस से उतरने का मौका दिए बिना ही बस दोबारा चला दी। इससे तमन्ना संतुलन खो बैठी और चलती बस के दरवाजे से बाहर सडक़ पर जा गिरी। हादसे में उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बस में सवार कर्मचारियों के शोर मचाने पर चालक ने कुछ दूरी पर बस रोकी। इसके बाद कंपनी के कर्मचारियों ने घायल तमन्ना को उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। तमन्ना का चंडीगढ़ में उपचार चलता रहा, लेकिन गंभीर चोटों के चलते 17 सितंबर को उसकी मौत हो गई । एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
