हाटी से जो रिश्ता जोड़ा, उसे पूरी शिद्दत से निभाएंगे

By: Sep 19th, 2026 12:55 am

शिलाई में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
निजी संवाददाता-शिलाई
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन में कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में कोई नई योजना नहीं बनी और भाजपा सरकार के समय शुरू की गई विकास योजनाओं का ही जनता के बीच जिक्र हो रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में होना ही महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में रहना बड़ी बात है। जयराम ठाकुर ने हाटी समुदाय से जुड़े रिश्ते को पूरी शिद्दत से निभाने की बात भी कही। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों को बंद करने और संस्थानों में तालाबंदी के लिए जानी जा रही है। उनके अनुसार, बजट प्रावधान और जनता की मांग पर खोले गए करीब ढाई हजार शैक्षणिक व प्रशासनिक संस्थानों को बंद किया गया है।

उन्होंने हालिया पंचायतीराज और स्थानीय निकाय चुनावों का उल्लेख करते हुए भाजपा समर्थित जनप्रतिनिधियों के जीतने का दावा किया। किशाऊ परियोजना को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा कि छह राज्यों की सहमति और केंद्र के हस्तक्षेप से परियोजना आगे बढ़ी, जबकि मुख्यमंत्री द्वारा इसका श्रेय लेने का आरोप लगाया। हालांकि, किशाऊ परियोजना के समझौते के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल के हितों की रक्षा की गई है और राज्य पर प्रस्तावित वित्तीय बोझ को कम किया गया है। प्रदेश के कर्ज को लेकर जयराम ठाकुर ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में 19,600 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया, जबकि वर्तमान सरकार ने साढ़े तीन साल में करीब 50 हजार करोड़ रुपए का नया ऋण लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App