तीसरी संध्या में पहाड़ी-पंजाबी गानों पर झूमे लोग
सिरमौर उत्सव में मनीष मुसाफिर ने पेश की दमदार प्रस्तुतियां, डांस-सिंगिंग और मॉडलिंग में स्थानीय प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित सिरमौर उत्सव-2026 की तीसरी सांस्कृतिक संध्या प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी के सहकलाकार मनीष मुसाफिर के नाम रही। भगवान शिव के भजन से शुरू हुई संध्या में मनीष मुसाफिर ने पहाड़ी, हिंदी और पंजाबी गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘रेणुका माईये महामिये’, ‘कांडा टूटा कुम्बरो रा रे’, ‘कीथे चाली’ और ‘पानी री टांकी’ जैसे पहाड़ी गीतों के साथ पंजाबी गीतों की प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं।
सांस्कृतिक संध्या में जिलेभर से पहुंचे प्रतिभागियों ने नृत्य, गायन और मॉडलिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जूनियर व सीनियर ग्रुप डांस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं, जबकि सिंगिंग प्रतियोगिता में भी कलाकारों ने अपनी गायन प्रतिभा दिखाई। मॉडलिंग प्रतियोगिता का दूसरा राउंड आयोजित होने के साथ जूनियर व सीनियर वर्ग में प्रतिभागियों ने रैंप वॉक से दर्शकों को प्रभावित किया। कार्यक्रम में एलजेन हेल्थकेयर के संजीव भाटिया मुख्य अतिथि रहे। आरटीओ सोना चंदेल समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी शिरकत की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
