फार्माकोविजिलेंस से सुरक्षित दवा प्रयोग पर जागरूकता
हिमाचल इंस्टीट्यूट में फार्माकोविजिलेंस सप्ताह का शुभारंभ, ई-पोस्टर से छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
हिमाचल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, पांवटा साहिब में 17 सितंबर को छठे राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह के प्रथम दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फार्मेसी प्रैक्टिस विभाग की ओर से संस्थान की निदेशक डॉ. प्रीति गुप्ता, अध्यक्ष ई. यथार्थ गुप्ता और प्रधानाचार्य डॉ. रमनदीप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस वर्ष सप्ताह की विषय-वस्तु ‘फार्माकोविजिलेंस के माध्यम से औषधियों के तर्कसंगत उपयोग को बढ़ावा देना, सुरक्षित स्वास्थ्य सेवा की ओर एक कदम’ रखी गई है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसमें फार्म-डी, बी-फार्मेसी और डी-फार्मेसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम दिवस पर विशेषज्ञ व्याख्यान में डॉ. उज्ज्वल पुंडीर ने विद्यार्थियों को फार्माकोविजिलेंस, औषधियों के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग तथा प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रियाओं की पहचान और रिपोर्टिंग के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रियाओं की समय पर पहचान और रिपोर्टिंग रोगियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम के तहत विषय आधारित ई-पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता भी करवाई गई। विद्यार्थियों ने फार्माकोविजिलेंस, औषधि सुरक्षा, तर्कसंगत औषधि उपयोग और प्रतिकूल औषधि प्रतिक्रियाओं से जुड़े विषयों पर आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में बी. फार्मेसी तृतीय वर्ष की कौशल्या, जसप्रीत कौर, मेहक शर्मा और हर्षिता ने प्रथम स्थान हासिल किया। बी. फार्मेसी द्वितीय वर्ष की दिव्या और अनम दूसरे तथा फार्म. डी. प्रथम वर्ष की हुस्ना और सारा तीसरे स्थान पर रहीं। कार्यक्रम समन्वयक शिप्रा गौतम ने प्रबंधन, संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन औषधि सुरक्षा और तर्कसंगत दवा उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
