HPU में सुबह-सवेरे ही चौकी के पास भिड़े ABVP-SFI कार्यकर्ता, 2 छात्र घायल, देखें Video

By: Sep 19th, 2026 11:40 am

अमन वर्मा—शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार सुबह एबीवीपी और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट से माहौल तनावपूर्ण हो गया। समरहिल चौकी के पास करीब साढ़े आठ बजे दोनों छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ। मारपीट में दो छात्रों के घायल होने की सूचना है। इनमें एक छात्र के सिर पर चोट आई है। घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया है। एसएफआई का आरोप है कि उसके कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के पास कुलपति के आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

संगठन के मुताबिक अचानक हुए हमले में उसके कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। एसएफआई ने मामले में पुलिस से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है, वहीं एबीवीपी ने एसएफआई के आरोपों को खारिज किया है। एबीवीपी का आरोप है कि मारपीट की शुरुआत एसएफआई कार्यकर्ताओं ने की और उसके कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट हुई। संगठन की ओर से भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही गई है। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस शिकायतों के आधार पर मामले की जांच करेगी। दोनों पक्षों की शिकायत और जांच के बाद ही मारपीट की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App