कैंप डेविड में ठहरे थे ट्रंप, प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में घुसा विमान, F-16 ने रोका

By: Sep 20th, 2026 1:34 pm

वॉशिंगटन। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मैरिलैंड की फ्रेडरिक काउंटी में मौजूद कैंप डेविड में अपने सप्ताहांत प्रवास को बीच में ही समाप्त कर दिया और शनिवार देर रात राष्ट्रपति आवास (व्हाइट हाउस) के लिए रवाना हो गए। व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति के कार्यक्रम में बदलाव करते हुए बताया कि वह मरीन वन हेलीकॉप्टर से वाशिंगटन लौटेंगे। ‘ ट्रंप के कार्यक्रम में बदलाव का कोई कारण नहीं बताया गया है। इससे पहले शनिवार को नोराड के एक एफ-16 लड़ाकू विमान ने मैरीलैंड के थर्मोंट के ऊपर प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक सामान्य विमान को रोक लिया था। यह क्षेत्र कैंप डेविड के पास है, जहां ट्रंप ठहरे हुए थे।

विमान को सुरक्षित रूप से प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर ले जाया गया। प्रथम वायुसेना ने कहा कि इस घटना से जमीन पर मौजूद लोगों को कोई खतरा नहीं था और न ही इससे ट्रंप या राष्ट्रपति के विश्राम स्थल के लिए किसी खतरे के संकेत मिले। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के मद्देनजर यात्रा चेतावनी जारी की है। मंत्रालय ने क्षेत्र के बाहर मौजूद अमेरिकी नागरिकों से भी पश्चिम एशिया की यात्रा करने या वहां से होकर यात्रा करने के अपने फैसले पर गंभीरता से पुनर्विचार करने का आग्रह किया है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंत्रालय ने कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए और संभावित उड़ान रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने तथा अन्य व्यवधानों के लिए तैयार रहना चाहिए। मंत्रालय ने कहा, “पश्चिम एशिया में तनाव के कारण सुरक्षा का माहौल जटिल बना हुआ है और अप्रत्याशित रूप से स्थिति बिगड़ने की आशंका है।”

मंत्रालय ने चेतावनी दी कि ईरान समर्थित हूती समूह सऊदी अरब के खिलाफ शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में शामिल रहे हैं, जिनमें नागरिक हवाईअड्डों पर किये गये हमले भी शामिल हैं। विभाग ने कहा कि इस संघर्ष के तेजी से बढ़ने की आशंका है। उसने यह भी चेतावनी दी कि ईरान और उसका समर्थन करने वाले समूह दुनियाभर में अमेरिकी हितों, कारोबारों और संस्थानों के साथ-साथ अमेरिकियों से जुड़े ठिकानों को निशाना बना सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App