धर्मशाला के सुधेड़ में 5.92 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब के युवक समेत दो गिरफ्तार

By: Sep 24th, 2026 12:00 pm

स्टाफ रिपोर्टर- धर्मशाला

कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर सुधेड़ खास में नाकाबंदी कर ऑल्टो कार सवार दो युवकों को 5.92 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को भी कब्जे में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार सीआईए टीम को बुधवार देर रात सूचना मिली थी कि चंबी से धर्मशाला की ओर एक कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने चंबी-धर्मशाला मार्ग पर सुधेड़ खास में नाकाबंदी की। इसी दौरान चंबी की ओर से आ रही ऑल्टो कार (एचपी 54सी-8690) को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से 5.92 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय दलविंदर सिंह निवासी गांव जोल, डाकघर भाली, तहसील जवाली और 20 वर्षीय सूरज साहू निवासी गुरु गोबिंद सिंह नगर, मजीठा रोड, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज किया गया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि चिट्टे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App