तीरंदाजी में गोल्डन हैट्रिक, शूटिंग में भारत को मिला एक और स्वर्ण, 11वें दिन कब्जाए चार गोल्ड के साथ 7 और मेडल

By: Oct 1st, 2026 12:07 am

भारत ने 11वें दिन चार गोल्ड के साथ सात और मेडल कब्जाए, कुल 60 पदकों के साथ मेडल सूची में आठवें नंबर पर पहुंचा

एजेंसियां — नागोया

भारत ने एशियन गेम्स के 11वें दिन गोल्ड मेडल्स का चौका लगाते हुए अपने स्वर्ण पदकों की संख्या 10 तक पहुंचा दी। इनमें तीन गोल्ड तीरंदाजी और एक शूटिंग में आया। भारत ने बुधवार को कुल सात मेडल जीते और अपने पदकों की संख्या 60 तक पहुंचा दी। भारत अब मेडल टैली में आठवें नंबर पर पहुंच गया है। बुधवार को भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी के तीनों इवेंट में स्वर्ण जीता। सबसे पहले चिकिथा तानिपर्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की महिला कंपाउंड टीम ने चीन को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था। इसके बाद चिकिथा और साहिल जाधव की मिश्रित टीम ने दक्षिण कोरिया को हराकर भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया। इसके बाद कुशल दलाल, साहिल राजेश और मणि रत्नम गणेश थिरुमुरु की तिकड़ी ने दबाव में धैर्य बनाए रखकर चीन के खिलाफ फाइनल में जीत दर्ज कर तीरंदाजी में भारत की गोल्डन हैट्रिक पूरा कर दी। इस जीत के साथ भारत ने लॉस एंजेलेस ओलंपिक के कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट के लिए कोटा भी हासिल किया। दिन का चौथा गोल्ड नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी को ट्रैप मिक्स्ड शूटिंग में मिला।

इसके साथ नीरू ढांडा ने भी इन एशियन गेम्स में पदकों की हैट्रिक पूरी कर ली है। उन्होंने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। बॉक्सिंग में प्रियंका घंघास को वूमंस 60 किग्रा सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंग्यू से 4-1 से हार मिली और उन्हें ब्रांज मेडल से ही संतुष्ट होना पड़ा। इसके अलावा कपिल पोखरिया को पुरुषों के 90 किलोग्राम सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के तुराबेक खाबिबुल्लाएव के खिलाफ 4-1 से हार के बाद ब्रांज ही मिल पाया। बुधवार को कुश्ती में भी भारत को पहला पदक मिला। सुनील कुमार ने पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किग्रा में ब्रांज जीता। यह हांगझोउ के बाद सुनील का लगातार दूसरा एशियन गेम्स ब्रांज है। इसके अलावा भारत की महिला हॉकी टीम ने साउथ कोरिया को 2-0 से हराकर एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बना ली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App