हिमाचल में अक्षय ऊर्जा निवेश की संभावनाओं पर मंथन
सीआईआई पावर कॉन्क्लेव में जलविद्युत, सौर ऊर्जा, स्टोरेज और ग्रिड व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
हिमाचल प्रदेश में अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और विकास की संभावनाओं को लेकर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) हिमाचल प्रदेश की ओर से चंडीगढ़ स्थित सीआईआई नॉर्दर्न रीजन मुख्यालय में छठे सीआईआई पावर कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया। इसमें सरकार, ऊर्जा कंपनियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने जलविद्युत, सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, ग्रिड एकीकरण और स्वच्छ ऊर्जा में निवेश पर चर्चा की। मुख्यातिथि अतिरिक्त मुख्य सचिव एमपीपी एंड पावर एवं एनसीईएस, हिमाचल प्रदेश सरकार आरडी नाज़ीम ने कहा कि सरकार ऊर्जा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और कारोबार सुगमता मजबूत करने के लिए कदम उठा रही है। परियोजनाओं की मंजूरी के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली को सुव्यवस्थित किया गया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल देश का पहला राज्य है, जिसने जलविद्युत परियोजनाओं के पर्यावरणीय प्रभावों के आकलन के लिए रिवर बेसिन अध्ययन की पहल की है। कॉन्क्लेव में जेएसडब्ल्यू एनर्जी, एनएचपीसी, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, जीएमआर बजोली होली हाइड्रो पावर समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। ऊर्जा भंडारण, ट्रांसमिशन, ग्रिड मजबूती और निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। सीआईआई हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन संजय सूरी ने कहा कि सतत औद्योगिक विकास के लिए उद्योग अनुकूल कारोबारी माहौल जरूरी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
