नाहन डिपो से दस इलेक्ट्रिक बसें दूसरे डिपो भेजीं

By: Oct 1st, 2026 12:02 am

25 इलेक्ट्रिक बसों के ई-डिपो बनाने की योजना को झटका, सात डीजल बसें भी शिमला भेजी गईं

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
हिमाचल पथ परिवहन निगम के नाहन डिपो को मिली 25 इलेक्ट्रिक बसों में से दस बसें निगम प्रबंधन ने वापस लेकर दूसरे डिपो में भेज दी हैं। इनमें तीन बसें रोहड़ू, दो रामपुर और पांच बसें पठानकोट डिपो भेजी गई हैं। इसके अलावा नाहन डिपो की सात डीजल बसें भी शिमला जिले के नेरवा, तारादेवी, रोहड़ू और शिमला लोकल यूनिट को भेजी गई हैं। ऐसे में सिरमौर में बस रूटों पर दबाव बढऩे की आशंका है। प्रदेश सरकार ने जुलाई में नाहन डिपो को 15 इलेक्ट्रिक बसें दी थीं। चार अगस्त को उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इनका शुभारंभ किया था। 20 अगस्त तक दस और बसें मिलने से डिपो में कुल 25 इलेक्ट्रिक बसें हो गई थीं। इससे नाहन डिपो को ई-डिपो के रूप में विकसित करने और सिरमौर की परिवहन व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जगी थी। अब दस इलेक्ट्रिक और सात डीजल बसें बाहर भेजे जाने से व्यवस्था पर असर पडऩे की चिंता बढ़ गई है।

डिपो में बसों की कमी ऐसे समय हुई है, जब तीन महीने पहले दस बसें कंडम हो चुकी हैं और अक्तूबर के अंत तक पांच और बसों के कंडम होने की संभावना है। वहीं, सिरमौर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा भी अभी पूरी तरह तैयार नहीं है। नाहन बस स्टैंड, नाहन वर्कशॉप और पांवटा साहिब में चार्जिंग प्वाइंट उपलब्ध हैं। संगड़ाह, शिलाई, श्रीरेणुकाजी, नौहराधार और हरिपुरधार में बस अड्डे की सुविधा नहीं है।

ट्रायल के लिए भेजी गई हैं 10 इलेक्ट्रिक बसें
रामदयाल, डीडीएम एचआरटीसी नाहन ने बताया कि नाहन डिपो में आई 25 इलेक्ट्रिक बसों में से दस बसें शिमला ट्रायल के लिए भेजी गई हैं।
सोलंकी बोले, बसें वापस लाने का प्रयास करेंगे
नाहन विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि बसों को दूसरे डिपो में भेजे जाने को लेकर परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि बसों को वापस नाहन डिपो में मंगवाने का प्रयास किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App