चौगान नाहन में मेलों के विरोध में सडक़ों पर उतरे युवा
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मैदान उपलब्ध न होने पर रोष, युवाओं ने उपायुक्त कार्यालय तक निकाली रैली
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन चौगान मैदान में बार-बार व्यापारिक मेलों के आयोजन के विरोध में बुधवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों बेरोजगार युवा सडक़ों पर उतर आए। पहाड़ी शिवालिक जनकल्याण संगठन के बैनर तले युवाओं ने चौगान से उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की। युवाओं का कहना था कि चौगान मैदान का उपयोग खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के लिए होना चाहिए, लेकिन व्यापारिक आयोजनों के कारण उन्हें अभ्यास के लिए मैदान नहीं मिल पाता। युवाओं ने आरोप लगाया कि नगर परिषद से नाममात्र शुल्क पर चौगान मैदान किराये पर लेकर कई दिनों तक व्यापारिक गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
इससे हिमाचल पुलिस, भारतीय सेना और पैरा मिलिट्री फोर्स की भर्ती समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवक-युवतियों को अभ्यास में परेशानी होती है। उन्होंने चौगान मैदान में व्यापारिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। युवाओं ने वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के चंबा ग्राउंड को सुबह तीन बजे से रात नौ बजे तक खिलाडय़िों और भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए खोलने की मांग भी रखी। संगठन अध्यक्ष योगी ठाकुर ने कहा कि समस्या के बारे में प्रशासन को पहले भी अवगत करवाया जा चुका है। उन्होंने चौगान और चंबा ग्राउंड को युवाओं व खिलाडय़िों के उपयोग के लिए सुरक्षित रखने की मांग की। व्यापार मंडल नाहन भी चौगान के व्यावसायिक उपयोग का विरोध कर चुका है। अध्यक्ष दिग्विजय गुप्ता ने कहा कि चौगान शहर की महत्वपूर्ण सार्वजनिक और खेल संपत्ति है, जहां खेलकूद व सामाजिक गतिविधियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
